रायपुर। बिजनेसगढ़ (BusinessGarh) द्वारा आज रायपुर स्थित कुर्सी को-वर्क, डुमरतराई में “फाउंडर्स मीटअप 17.0” का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 50 से अधिक स्टार्टअप फाउंडर्स, विद्यार्थियों और युवा उद्यमियों ने भाग लेकर स्टार्टअप इकोसिस्टम को करीब से समझने का अवसर प्राप्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मिशमाश नेचुरल्स के को-फाउंडर्स, जो शार्क टैंक इंडिया सीजन-5 में भी शामिल हो चुके हैं, ने अपने उद्यमिता सफर को विस्तार से साझा किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार एक टियर-2 शहर से शुरुआत कर ब्रांड को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाया गया।
सत्र के दौरान फंड-रेज़िंग, निवेशकों से बातचीत की तैयारी, पिचिंग स्ट्रेटेजी, ब्रांड बिल्डिंग, तथा शार्क टैंक में भाग लेने के अनुभव पर विशेष चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने खुलकर प्रश्न पूछे और वक्ताओं ने उन्हें व्यवहारिक सुझाव एवं मार्गदर्शन दिया।
बिजनेसगढ़ की टीम ने बताया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य रायपुर एवं छत्तीसगढ़ के युवाओं को सही मार्गदर्शन, नेटवर्किंग अवसर और स्टार्टअप के लिए आवश्यक इकोसिस्टम उपलब्ध कराना है, ताकि स्थानीय स्तर से अधिक से अधिक सफल स्टार्टअप तैयार हो सकें।
कार्यक्रम के अंत में नेटवर्किंग सेशन और हाई-टी का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने आपस में विचारों का आदान-प्रदान किया और संभावित सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। बिजनेसगढ़ आने वाले समय में भी प्रदेश में लगातार ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रम, मेंटरशिप सेशन और निवेशक कनेक्ट गतिविधियाँ आयोजित करता रहेगा।

