CG NEWS: जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से धर्मांतरण को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। पिपरदा भांठा गांव में प्रार्थना सभा की आड़ में कथित रूप से लोगों का धर्म परिवर्तन कराए जाने के आरोप के बाद हंगामा खड़ा हो गया। ग्रामीणों और हिंदू संगठनों के विरोध के बीच पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पास्टर समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि बम्हनीडीह थाना क्षेत्र के पिपरदा भांठा गांव में बाहर से आए कुछ लोग प्रार्थना सभा आयोजित कर रहे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि सभा के दौरान लोगों को प्रलोभन देकर और बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जा रहा था। जैसे ही इसकी जानकारी गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध जताया।
स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच के बाद पास्टर समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ बम्हनीडीह थाना में प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस एहतियातन इलाके में नजर बनाए हुए है और मामले की जांच जारी है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

