CGwatch नगर में गणेशोत्सव का समापन, नम आँखों से बप्पा को विदाई
शिवरीनारायण। धार्मिक उल्लास और भक्ति भाव से मनाए गए गणेशोत्सव का नगर में शुक्रवार को समापन हुआ। दस दिनों तक चले इस महापर्व के बाद श्रद्धालुओं ने बड़े ही भावुक माहौल में विघ्नहर्ता गणपति बप्पा को विदाई दी। विसर्जन के दौरान पूरे नगर में “गणपति बप्पा मोरया… अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारे गूंजते रहे।
सुबह से ही नगर के विभिन्न गणेश मंडलों और घरों से प्रतिमाओं को शोभायात्रा के रूप में विसर्जन के लिए लाया गया। ढोल-ताशों की थाप, DJ की धुन और भक्तों के उल्लास से वातावरण भक्तिमय और ऊर्जावान बना रहा। महिलाएँ, युवा और बच्चे शोभायात्राओं में बढ़-चढ़कर शामिल हुए और झूमते-नाचते हुए बप्पा को विदाई दी।
विसर्जन यात्रा में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवृष्टि की और भक्तों को प्रसाद वितरण भी किया गया। कई सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं ने इस अवसर पर जलपान और भंडारे का आयोजन कर सहभागिता निभाई।
नगर के प्रमुख विसर्जन घाटों पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बप्पा को जल में विसर्जित किया। पूरे माहौल में श्रद्धा और भक्ति की झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। नगर के सभी विसर्जन घाटों और मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभालते हुए भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था पर नजर रखी।
नगर पालिका द्वारा घाटों और आसपास की साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई थी। विसर्जन के बाद तुरंत ही सफाई कर्मचारियों ने घाटों की सफाई कर स्वच्छता सुनिश्चित की।
श्रद्धालुओं ने कहा कि गणपति बप्पा नगर के सुख-समृद्धि और मंगल के प्रतीक हैं। सभी ने कामना की कि अगले वर्ष बप्पा और भी भव्य स्वरूप में नगर में विराजें और भक्तों का आशीर्वाद प्रदान करें।
