Priyanka Gandhi: केरल हाईकोर्ट ने भारतीय जनता पार्टी की नेता नव्या हरिदास द्वारा दायर एक चुनावी याचिका पर संज्ञान लेते हुए कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को समन जारी किया है। 2024 में प्रियंका गांधी ने वायनाड उपचुनाव में नव्या हरिदास को हराकर जीत दर्ज की थी। प्रियंका गांधी के खिलाफ दायर इस याचिका में नवंबर 2024 में हुए उपचुनाव के परिणामों को चुनौती दी गई है। इसमें प्रियंका और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं
प्रियंका गांधी पर अपने परिवार की संपत्तियों के बारे में जानकारी छिपाने का आरोप लगाया गया है। याचिका के तहत वायनाड उपचुनाव में उनकी जीत को अमान्य घोषित करने की मांग भी की गई है। केरल उच्च न्यायालय के जस्टिस के बाबू ने याचिका पर सुनवाई करते हुए प्रियंका गांधी को नोटिस जारी किया। याचिका में प्रियंका गांधी पर कथित भ्रष्ट आचरण और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा की कई अचल संपत्तियों को छिपाने का आरोप भी लगाया गया है।
इसके अलावा याचिका के अनुसार, प्रियंका गांधी ने कथित तौर पर रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष दाखिल अपने हलफनामे में रॉबर्ट वाड्रा के कई निवेशों और चल संपत्तियों का विवरण छिपाया है। फिलहाल कोर्ट ने मामले की सुनवाई को अगस्त 2025 तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली से चुनाव जीतने के बाद वायनाड सीट से इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद 13 नवंबर को इस सीट के लिए उपचुनाव हुए थे। प्रियंका गांधी वाड्रा ने यह चुनाव 4,10,931 वोटों के अंतर से जीता था। नतीजे आने के बाद दिसंबर में नव्या हरिदास ने वायनाड लोकसभा उपचुनाव में प्रियंका गांधी की जीत को चुनौती देते हुए केरल हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।