– सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर। कोटा विधानसभा के धान खरीदी केंद्र केंदा मे सहकारी समिति द्वारा ऑपरेटर हड़ताल एवं हमालों की समस्या होने के कारण पचास से ज्यादा टोकन धारी किसानो को धान वापस ले जाने का तुगलकी फरमान जारी कर दिया गया। जिससे सुबह 4 बजे से लाइन लगाए किसानो मे आक्रोश देखा गया। किसानो ने इसकी जानकारी पूर्व मंडी अध्यक्ष संदीप शुक्ला को दी मामले की जानकारी मिलते ही संदीप शुक्ला अपने साथियों सहित धान खरीदी केंद्र पंहुच कर किसानो की समस्या से रूबरू हुए एवं समिति के धान खरीदी प्रभारी से किसानो का धान खाली कराने को कहा गया। किन्तु धान खरीदी की मात्रा कम करने के दबाव के चलते खाली नहीं कराया जा रहा था।पूर्व मंडी अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने धान खाली न कराये जाने पर सड़क पर चक्का जाम की चेतावनी दी । जिसके कारण आनन फानन मे किसानों का धान खाली कराया गया। शुक्ला ने कहा की एक तरफ विष्णु देव की सरकार किसानों का एक एक दाना धान खरीदने की बात कहती है वंहीं दूसरी ओर किसानों को रकबा समझौता, रकबा कटौती एवं अन्य परेशानियों का हवाला देकर धान खरीदी कम करने की साजिश कर रही है। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्त्ता किसानों को उनका हक दिलाने के लिए हर लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। किसानों ने धान खाली कराने पर पूर्व मंडी अध्यक्ष संदीप शुक्ला एवं साथियों का आभार जताया।इस अवसर पर डॉ ए के राय, लाला निर्मलकर, हैप्पी गुप्ता, ईश्वर तंवर, चैतराम पावले, अजय मानिकपुरी, रामसिंह, कृष्णा सिँह आदि उपस्थित थे।