नगर में दुर्गा विसर्जन पचरी घाट और छठ घाट में होगा
– सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर। मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन इस बार भी पचरी और छठ घाट में किया जाएगा। इसकी तैयारी नगर पालिक निगम ने शुरू कर दी है। इस साल भी नगर निगम ने दुर्गा माता की प्रतिमा का विसर्जन करने की जिम्मेदारी ली है। इसके लिए नगर निगम अभी से तैयारी करने में जुटा हुआ है। नगर निगम के अधिकारी अनुपम तिवारी ने बताया कि चूंकि यह पुरानी परंपरा है और वर्षों से दुर्गा की प्रतिमा उत्साह और उमंग के साथ विसर्जन किया जाता है। इसलिए इस बार भी पचरीघाट के अलावा छठघाट में भी विसर्जन किये जाने की व्यवस्था की गई हैं। इसके लिए नगर निगम की टीम तैयार की जा चुकी है। जिसमें सुबह से लेकर रात तक और फिर दूसरे दिन सुबह तक विसर्जन करने के लिए नगर निगम के कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। एसडीएम पीयूष तिवारी ने कहा कि नवरात्रि पर्व पर दुर्गा माता की प्रतिमाओं के विर्सजन के दौरान पचरीघाट और छठ घाट में कार्यपालिक दंडाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है. जिनको अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया जाएगा।
चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर
एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि नवरात्रि अवसर पर पर्व और विसर्जन के दौरान कही कोई अनहोनी न हो जाए इसके लिए चप्पे चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया जाता है। जिसमें टीआई से लेकर आरक्षक तक की ड्यूटी लगाई जा रही है और सभी अपने-अपने स्थान में तैनात रहेंगे ।