किरंदुल के निर्माणाधीन छनन संयंत्र-03 में हुई दुर्घटना की जांच हेतु प्रदेश इंटक ने बनाई जांच समिति
धीरज माकन
किरंदुल. राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रदेशाध्यक्ष डा. संजय कुमार सिंह ने 27 फरवरी को किरंदुल के निर्माणाधीन छनन संयंत्र-03 में निर्माण कार्य के दौरान चट्टान धसकने से हुई दुर्घटना में 4 मजदूरों की दुःखद निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो उसके लिए स्वतः संज्ञान लेते हुए प्रदेश इंटक की ओर से जांच कमेटी बनाये जाने हेतु प्रदेश इंटक के सेक्रेटरी जनरल आशीष यादव को निर्देशित किया। उनके निर्देशानुसार आशीष यादव द्वारा मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) की किरंदुल शाखा के अध्यक्ष विनोद कश्यप के नेतृत्व में 7 सदस्यीय जांच समिति का गठन करते हुए जांच समिति की रिपोर्ट 7 दिवस के भीतर राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष को सौंपने का निर्देश दिया है। जांच समिति इस दुःखद दुर्घटना की विस्तृत जांच कर दुर्घटना के कारणों तथा भविष्य में ऐसी किसी भी घटना की पुनरावृत्ति रोकने हेतु आवश्यक कार्रवाई की अनुशंसा, घटना से सम्बंधित अन्य प्रासंगिक जानकारी का प्रतिवेदन सौपेगी। इस जांच समिति में मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन ( इंटक) किरंदुल एवं बचेली शाखा के पदाधिकारी एल रमेश, अरविंद गुप्ता, तोमनश्री, नथेला राम नेताम, दीनानाथ तिवारी, राकेश लाल सम्मिलित हैं।