छठ घाट में छठ पूजा की तैयारी प्रारंभ
छठ पूजा समिति के अध्यक्ष बने धर्मेंद्र दास विजय ओझा सचिव
– सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर। नगर को संस्कारधानी कहा जाता है,यहां सभी धार्मिक पर्व उल्लास पूर्वक मनाने की परंपरा रही है। नगर को मिनी इंडिया भी कहा जा सकता है। क्योंकि यहां देश भर में मनाये जाने वाले पर्व पूरे उल्लास के साथ मनाए जाते हैं । इन्हीं में से एक है छठ महापर्व, जिसे कभी बिहार और उत्तर भारत का पर्व माना जाता था लेकिन बिलासपुर नगर में विगत 23 वर्षों से इसे बिहार से भी बढ़कर भव्य रूप से मनाया जाता है। छठ महापर्व के कार्यक्रम में विभिन्न समितियां का सहयोग रहता है । हर वर्ष छठ पूजा के आयोजन को ध्यान में रखकर छठ पूजा समिति का गठन किया जाता है। इसी क्रम में तोरवा स्थित छठ घाट में पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज, सहजानंद सरस्वती समाज और छठ माता के भक्तों की सामूहिक बैठक हुई। इस बैठक में छठ पूजा के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक में अध्यक्ष और सचिव के नाम घोषित किए गए, जिनके द्वारा नई कार्यकारिणी बनाई जाएगी। बैठक की अध्यक्षता एस पी एस चौहान ने की। नगर में छठ पूजा के जनक माने जाने वाले एस पी सिंह को नई कार्यकारिणी के गठन का अधिकार सौंपा गया, जिन्होंने बड़े ही रोचक अंदाज में नगर में बिहार के प्रवासियों की पुरानी छवि और मौजूदा छवि का वर्णन करते हुए कहा कि छठ पूजा के आयोजन के साथ ही नगर में बिहार और मिथिलांचल के लोगों का मान सम्मान बढ़ा है। आज सभी बड़े आयोजनों में पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच को सम्मान से आमंत्रित किया जाता है।, इसके पीछे उन्होंने वर्तमान और पुराने साथियों को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया।
17 से 20 नवंबर तक मनाया जाएगा छठ पर्व
छठी मैया की आराधना के साथ प्रत्यक्ष देव सूर्य देव को अर्घ्य प्रदान करने के इस महापर्व का आरंभ इस वर्ष 17 नवंबर को नहाय खाय के साथ होगा। इसी दिन संध्या छठ घाट पर अरपा मैया की महा आरती की जाएगी। अगले दिन खरना का प्रसाद तैयार किया जाएगा। 19 नवंबर की संध्या को सूर्य देव को अर्घ्य प्रदान किया जाएगा तो वहीं 20 नवंबर की सुबह उदित होते सूर्य देव को अर्घ्य प्रदान कर व्रत का पारण किया जाएगा।
इसके लिए नगर के छठ घाट पर तैयारी आरंभ हो चुकी है। घाट की साफ सफाई और रंग रोगन का काम अंतिम चरणों में है। रविवार 5 नवम्बर शाम 7 बजे छठ घाट पर कार्यालय का शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही छठ पर्व की तैयारी और गति पकड़ेगी।
छठ पूजा समिति के अध्यक्ष और सचिव मनोनीत
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बिलासपुर तोरवा छठ घाट में छठ पर्व के आयोजन के लिए छठ पूजा समिति का गठन किया गया है। जहां सर्व सम्मति से डॉक्टर धर्मेंद्र कुमार दास को छठ पूजा समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।, वे पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच के भी अध्यक्ष है। उनके अलावा भोजपुरी समाज के अध्यक्ष विजय ओझा सचिव नियुक्त किए गए हैं। जिनके द्वारा शीघ्र ही नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
इनकी रही उपस्थित
अध्यक्ष और सचिव के मनोनयन के लिए आयोजित बैठक में सीपीएस चौहान, एसपी सिंह, डॉ बृजेश सिंह, एसके सिंह, प्रवीण झा डॉ धर्मेंद्र कुमार दास, विजय ओझा, अभय नारायण राय, सुधीर झा, राकेश दीक्षित, डॉक्टर कुमुद रंजन सिंह, दिलीप चौधरी, धनंजय झा, अर्जुन सिंह, सतीश सिंह, गणेश गिरी, मुन्ना सिंह, संजय सिंह राजपूत, गोपाल सिंह, मुकेश झा, राम गोस्वामी, पीसी झा, अनमोल झा, रुपेश कुशवाहा, धीरज झा, अमित झा, अजीत पंडित, जितेंद्र ठाकुर, पंकज सिंह, विजय दुबे, राज किशोर श्रीवास, लकी ठाकुर, अनिल सिंह, शुभम झा, आनंद झा, केशव झा, कुंदन ठाकुर, सुरेश सिंह, नवल वर्मा सहित करीब दो सौ लोग उपस्थित रहे।