देश दुनिया वॉच

भारत जोड़ो’ के बाद अब ‘हाथ जोड़ो अभियान’ चलाएगी कांग्रेस…

Share this

नई दिल्ली कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा गठित कांग्रेस संचालन समिति की पहली बैठक आज रविवार को संपन्न हो गई। इस बैठक में पार्टी के शीर्ष नेताओं ने प्रमुख संगठनात्मक मामलों पर चर्चा के अलावा अपने पूर्ण सत्र के कार्यक्रम और स्थान पर विचार-विमर्श किया। बैठक में शामिल होने वालों में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी की पूर्व प्रमुख सोनिया गांधी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उनके छत्तीसगढ़ समकक्ष भूपेश बघेल, वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम, आनंद शर्मा, मीरा कुमार और अंबिका सोनी शामिल थे।

कांग्रेस का पूर्ण अधिवेशन फरवरी में आयोजित किया जाएगा। इसका आयोजन छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होगा। इसके अलावा, ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की सफलता को देखते हुए अब कांग्रेस एक नया अभियान शुरू करेगी। इसका मकसद लोगों को पार्टी की नीतियों से जोड़ने और सरकार की गलत नीतियों के बारे में बताना है। यह जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद केसी वेणुगोपाल ने दी।

केसी वेणुगोपाल ने रविवार को कहा, ‘आज कांग्रेस संचालन समिति की बैठक में हमने दो बातों पर चर्चा की। पहला हमारी पार्टी का पूर्ण अधिवेशन होना है, जिसे हमने फरवरी के दूसरे पखवाड़े में आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह 3 दिवसीय सत्र होगा, जो रायपुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित किया जाएगा।

‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’
कांग्रेस सांसद ने आगे कहा, ”दूसरा, हमने भारत जोड़ो यात्रा के लिए भविष्य की कार्रवाई की समीक्षा की और चर्चा की। हमने 26 जनवरी से बड़े पैमाने पर ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ चलाने का फैसला किया है। यह दो महीने तक चलने वाला लंबा अभियान होगा।”

2023 में प्रियंका गांधी के नेतृत्व में ‘महिला मार्च’
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने यह भी जानकारी दी कि प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में 2023 में दो महीने के लिए महिला मार्च शुरू किया जाएगा। यह मार्च देश के सभी राज्यों की राजधानी में 26 जनवरी 2023 से 26 मार्च 2023 तक आयोजित किया जाएगा। गौर करने वाली बात यह है कि यह यात्रा तब शुरू की जाएगी, जब राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ समाप्त होगी।

राहुल गांधी शीतकालीन सत्र में नहीं होंगे शामिल
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा चल रही है। इसलिए संसद के शीतकालीन सत्र में राहुल गांधी का शामिल होना व्यवहारिक नहीं है।

राहुल गांधी संचालन समिति की बैठक में शामिल नहीं हो पाए
रविवार शाम को राजस्थान में प्रवेश करने वाली भारत जोड़ो यात्रा के कारण राहुल गांधी संचालन समिति की बैठक में शामिल नहीं हो पाए। बता दें कि अक्तूबर में खरगे के कार्यभार संभालने के बाद पार्टी की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) के स्थान पर संचालन समिति का गठन किया गया था। एआईसीसी महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने संवाददाताओं से कहा कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य पूर्ण सत्र की तारीख तय करना है और इसे कहां आयोजित किया जाना चाहिए और इस मुद्दे पर चर्चा होगी।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *