संजय महिलांग
बेमेतरा । कांग्रेस सरकार द्वारा जन आंदोलन को कुचलने के लिए लाए गए काले कानून के विरोध में भारतीय जनता पार्टी 16 मार्च को बेमेतरा में जेल भरो आंदोलन करने जा रही है। इसकी तैयारियों के लिए आज भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में बैठक आहूत की गई। जिसके पूर्व भाजपा की सभा माँ भद्रकाली मन्दिर बेमेतरा में होगी। शुक्रवार को सभा स्थल का निरीक्षण करने भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा एवं जिला महामंत्री विकास धर दीवान व नरेन्द्र वर्मा सहित जिला पदाधिकारी पहुँचे।
जिलाध्यक्ष जोशी ने कहा कि कांग्रेस के आपातकाल को देश की जनता ने टिकने नहीं दिया। उसके सामने कांग्रेस शासन के इस काले कानून की हैसियत ही क्या है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी कहते हैं कि देश में आंदोलन करने के लिए क्या अनुमति लेने की जरूरत पड़ेगी? लगता है उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का काला कानून नहीं पढ़ा है। राहुल गांधी भाजपा को बदनाम करने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं लेकिन कांग्रेस शासित राज्य में प्रदर्शन के लिए अनुमति लेने वाला काला कानून खुद ही लागू किए हुए है। उन्होंने कहा कि यह डरी हुई सरकार है जो अपने विरुद्ध होने वाले किसी भी आंदोलन को कुचलने के लिए विभिन्न कुप्रयास कर रही है।
पूर्व जिलाध्यक्ष शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार पूरे प्रदेश में भय का वातावरण बनाकर लोगों के मौलिक अधिकार छीनने का प्रयत्न कर रही है। उन्होंने कहा है कि 16 तारीख को इस अत्याचारी, दमनकारी, लोकतंत्र विरोधी सरकार के विरुद्ध विद्रोह का शंखनाद करना है।
जिला महामंत्री दीवान ने कहा कि कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी का ब्रह्मास्त्र है। उन्होंने कहा कि अत्याचारी सरकार के दमन से जनता को मुक्ति दिलाने के लिए उस ब्रह्मास्त्र के संधान का वक्त आ गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 3 वर्षों में जनता को वादाखिलाफी, झूठ, धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं मिला। अब जनता पूछ रही है कि जो वादे करके कांग्रेस सत्ता में आई थी वह कहां हवा हो गए। यह सरकार जनता की सवालों से डरकर काला कानून लेकर आई है। इसके विरोध में भाजपा 16 मई को बेमेतरा में जेल भरो आंदोलन करेगी।

