Thursday, September 19, 2024
प्रांतीय वॉच

महिला ने पति के साथ मिलकर कर दी प्रेमी की हत्या

Share this

जशपुर। जिले में एक शादीशुदा युवती ने अपने प्रेमी की पति के साथ मिलकर हत्या कर दी। आरोपी युवती ने युवक को साथ भागने के बहाने बुलाया था। फिर जैसे ही युवक मौके पर गया तो युवती के पति ने युवक पर टंगिया से कई वार किए। वहीं युवती ने भी रस्सी से युवक का गला घोंट दिया। जिससे युवक की मौत हो गई। मामला नारायणपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने इस केस में आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल, 04 अप्रैल को बासनताला सुखबासुपारा बेलटोली रोड पर एक युवक का शव लोगों को खून से लथपथ हालत में सुबह मिला था। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो मृतक की पहचान सोनू यादव(36) के रूप में हुई थी। सोनू बासनताला का रहने वाला था। पुलिस को जांच में यह भी पता चला कि उसके 2 बच्चे भी हैं। इसके बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू की थी।

जिस तरह से युवक का शव पर टंगिए के वार के निशान थे स्पष्ट हो गया था कि युवक की हत्या की गई है। इसके बाद पुलिस ने इस केस में और जांच तेज की। तब पुलिस को पता चला कि मृतक सोनू यादव गांव के ही बनडीपा मोहल्ले में जाया करता था। यहां उसकी पहचान सावित्री बाई चौहान(25) से हुई थी। जान पहचान के बाद दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। दोनों के बीच अवैध संबंध था। इस बात का पता चलने के बाद पुलिस ने तुरंत ही सावित्री को हिरासत में लिया था। हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की। जिसमें उसने पहले तो कुछ कहने में आना-कानी की। फिर सावित्री ने पुलिस को बताया कि वह हैरान करने वाला था।

सावित्री ने पुलिस को बताया कि उसका और सोनू यादव के बीच प्रेम प्रसंग था। दोनों फोन पर बात किया करते थे। इस बीच इस बात की जानकारी उसके पति ललित राम चौहान को हो गई थी। इसके बाद ललित ने मुझे सोनू से बात करने के लिए मना किया था। यहीं से हम दोनों की बातचीत कम हो गई। लेकिन सोनू ने मुझसे ही झगड़ा करना शुरू कर दिया था। वहीं मेरे पति का भी डेढ़ महीने पहले सोनू से झगड़ा हो गया था।

बताया गया कि इन सब घटना के बावजूद सोनू ने 24 मार्च को सावित्री से मुलाकात की और उसे बात करने के लिए मोबाइल फोन दिया था। जिसकी जानकारी सावित्री ने अपनी पति को दे दी थी। इसके बाद 3 अप्रैल को सोनू ने फिर से सावित्री को फोन किया और कहा था कि अब ये सब बहुत हो गया। चलो भाग चलते हैं। इस पर महिला भी राजी हो गई थी और उसने रात को सोनू को सुकबासपुपारा पुलिया के पास मिलने बुला लिया।

सावित्री ने इस बात की भी जानकारी अपने पति को भी दे दी थी। जिसके बाद ही दोनों ने सोनू की हत्या का प्लान बनाया था। वहीं रात को 9 बजे जैसे ही सोनू पुलिया के पास आया। यहां पहले तो सावित्री ने उससे मुलाकात की। फिर उसका पति भी वहां पर पहुंच गया। जो टंगिया लेकर पास में ही छिपा हुआ था। इसके बाद ललित ने सोनू पर टंगिया से हमला कर दिया। जिससे वह वहीं गिर गया। इधर, सावित्री ने प्लास्टिक के रस्सी को सोनू के गले में फंदा बनाकर डाल दिया और उसे कसने लगी। सोनू छटपटाने लगा। तभी ललित राम ने सोनू पर एक के बाद एक कई वार किए। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। वारदात के बाद दोनों ने सोनू के पास रखे 12 हजार रुपए कैश भी लूट लिए और भाग गए थे।

सावित्री के जानकारी देने के बाद पुलिस ने उसके पति को भी गिरफ्तार कर लिया है और मंगलवार को पूरे मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने बताया है कि आरोपी दंपती का भी एक बच्चा है। पुलिस ने आरोपियों से घटना में इस्तेमाल टंगिया, मोबाइल बरामद किया है। साथ ही सोनू से लूटे गए 12 हजार रुपए कैश भी जब्त किए गए हैं।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *