प्रांतीय वॉच

अतिक्रमण हटाने पहुंची थी टीम, कब्जाधारियों ने किया सुसाइड करने की कोशिश

Share this

कोरबा। जिले में अवैध कब्जा हटाने गई निगम की टीम और प्रशासन को फिर से विरोध का सामना करना पड़ा। इस बार तो एक युवक ने खुद पर मिट्‌टी तेल डालकर कमरे में बंद कर लिया और कहने लगा कि कार्रवाई हुई तो खुद को जला डालूंगा। वहीं एक दूसरे ने युवक ने भी खुद को घर के अंदर बंद कर कहा कि फांसी लगाकर जान दे दूंगा। इसके बावजूद टीम ने एक नहीं सुनी और अवैध कब्जा हटा दिया है।

शहर के सुभाष ब्लॉक हेलीपैड इलाके में कुछ साल पहले SECL ने वृक्षारोपण किया था। मकसद था यहां पेड पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाई जाए, लेकिन कुछ समय पहले SECLने इसे कोरबा नगर निगम को सौंप दिया है। इसके बाद इस पूरे जमीन की जिम्मेदारी नगर निगम की है। इस बीच 3-4 महीने पहले से लोगों ने यहां अवैध कब्जा करना शुरू कर दिया था। धीरे-धीरे कर यहां करीब 58 ऐसे मकान बना लिए गए जो अवैध हैं।

निगम की टीम को जब पहले इस बात की जानकारी मिली तो एक महीने पहले ही निगम की टीम यहां कार्रवाई के लिए गई थी। उस दौरान भी यहां के लोगों ने जमकर विरोध किया था। जिसके चलते निगम की टीम को वापस लौटना पड़ा था। इसके बाद कुछ दिन पहले निगम ने यहां रह रहे 58 परिवारों को नोटिस जारी कर घर खाली करने के लिए कहा था। इसके बावजूद लोगों ने घर खाली नहीं किया।

इधर, तय तिथि के मुताबिक निगम की टीम सोमवार सुबह इस इलाके में पहुंच गई थी। टीम के साथ तहसीलदार और बड़ी संख्या में महिला और पुरुष पुलिकर्मियों को भी लाया गया था। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों ने सुबह 10 बजे से ही कार्रवाई करनी शुरू कर दी थी।

इस बीच एक युवक ने अपने आप को कमरे में मिट्‌टी तेल डालकर बंद कर लिया। उसने अपने बच्चे और पत्नी को बाहर कर दिया था और खिड़की से आवाज देकर कह रहा था कि कार्रवाई हुई तो मैं खुद को जिंदा जला डालूंगा। खुद को मार डालूंगा। मेरी मौत के जिम्मेदार आप लोग होंगे। ऐसे में निगम की टीम घर का छज्जा तोड़ा और उसे किसी तरह से घर से बाहर निकाला है।

वह युवक इसके बाद भी नहीं रुका। उसने बाहर निकलने पर फिर से हंगामा शुरू कर दिया। खुद पर मिट्‌टी तेल डाले हुए कहने लगा कि मैं मर जाऊंगा। उसके हाथ में माचिस भी थी। जिसे पुलिसकर्मियों ने छुड़ाया और उसके कपड़े उतरवाकर उस पर पानी डाला।

एक और युवक ने भी इसी तरह से हंगामा किया। वह भी घर के अंदर बंद था। उसने भी अपनी पत्नी से कह दिया था कि बाहर से ताला लगा दो और तुम बाहर रहो। फिर खिड़की से आवाज करने लगा कि मैं फांसी लगा लूंगा। यहां भी कर्मचारियों ने उसके घर का छज्जा तोड़ा और उसे बाहर निकाला है।

पता चला है कि कई लोग अलग-अलग तरीके से निगम और प्रशासन का विरोध करते रहे। मगर प्रशासन ने उनकी एक नहीं सुनी और कार्रवाई की है। प्रशासन की यह कार्रवाई अब भी जारी है। वहीं लोग भी हंगामा कर रहे हैं।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *