इंदौर। तेल और तिलहन की तेजी के बीच बाजार अब कृषि सुधार कानूनों को वापस लेने का असर भांपने में जुट गया है। बीते डेढ़ साल से सोयाबीन, सरसों और तेल में जोरदार तेजी चल रही है। तमाम लोग इसे नए कानूनों से जोड़कर भी देख रहे थे। माना जा रहा था कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के वादे और कानूनों के फायदे बताने के लिए तेजी पर अंकुश लगाने की कोशिश भी नहीं करते हुए तेजी के साथ खड़ी नजर आ रही थी।
नतीजा दोनों प्रमुख तिलहनों सोयाबीन और सरसों ने अब तक का सबसे ऊंचा स्तर इसी समय देखा। इस साल भी सोयाबीन की तेजी जारी है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री ने कृषि कानून वापस लेने की घोषणा कर दी। कई जानकार आशंका जता रहे हैं कि आगे जाकर सोयाबीन में गिरावट देखी जा सकती है। तर्क दिया जा रहा है कि गिरावट को कानून वापसी से जोड़कर देखा जाएगा। एनसीडीईएक्स में शुक्रवार को गुरुनानक जयंती की छुट्टी के कारण यूं भी पहले सत्र में कारोबार नहीं हुआ ऐसे में सट्टेबाजों और बाजार का मूड भांपा नहीं जा सका। दूसरी ओर अभी अंतरराष्ट्रीय बाजार में पाम तेल की सप्लाई टाइट है। चीन और मलेशिया के बाजार में तेलों में अच्छी तेजी देखी जा रही है। इससे खाद्य तेलों की मजबूती को सपोर्ट मिल रहा है।
मूंगफली तेल के दाम ऊंचे होने के कारण इसकी मांग काफी कमजोर है। वहीं गुजरात में मूंगफली तेल के प्लांट अपनी पूरी क्षमता से चलने के कारण तेल की उपलब्धता बढ़ती जा रही है। इसके चलते इंदौर में गुजरात तरफ से मूंगफली तेल की आवक बढ़ने के कारण भाव में मंदी रही। मूंगफली तेल इंदौर 10 रुपये घटकर 1370-1390 रुपये प्रति 10 किलो रह गया। गुरुनानक जयंती के अवसर पर मंडियों में सोयाबीन की आवक में कुछ कमी देखने को मिली है। सोयाबीन में स्टाकिस्ट की अच्छी मांग के चलते भाव मजबूती पर टिके हुए हैं। मंडियों में सोयाबीन के दाम 6050-6100 और प्लांट खरीदी भाव 6100-6200 रुपये प्रति क्विंटल तक बोले जाने लगे हैं।
हालांकि स्टाक लिमिट के डर से अधिक स्टाक करने से बच रहे हैं। सोया तेल में विदेशी असर और वैवाहिक सीजन की डिमांड अच्छी रहने से भाव में सुधार जारी रहा। शुक्रवार को सोया तेल इंदौर सुधरकर 1255-1260 रुपये प्रति 10 किलो पर पहुंच गया। एमपी और महाराष्ट्र के प्लांटों ने भाव 5 रुपये प्रति 10 किलो बढ़ाए। कपास्या खली में तेजी रही।
लूज तेल (प्रति 10 किलो) : इंदौर मूंगफली तेल 1370-1390, मुंबई मूंगफली तेल 1370, इंदौर सोयाबीन रिफाइंड 1255-1260 , इंदौर सोयाबीन साल्वेंट 1195 से 1200, मुंबई सोया रिफाइंड 1248, मुंबई पाम तेल 1202, इंदौर पाम 1275 से 1278, राजकोट तेलिया 2125, गुजरात लूज 1350, कपास्या तेल इंदौर 1215 रुपये।
तिलहन : सरसों बेस्ट 7500-7600 सोयाबीन 5800-6000, रायड़ा 7100 से 7200 रुपये क्विंटल।
सोयाबीन डीओसी स्पाट 48000 से 49000 रुपये टन।
प्लांटों के सोयाबीन भाव- महाकाली 6100, कृति 6100, प्रेस्टीज 6150, कास्ता 6100, लक्ष्मी 6121, इटारसी 6050, सांवरिया 6000, रुचि 6075, धानुका 6160, नीमच 6200, प्रकाश 6050, पचोर 6200, शांति 6200 व सिवनी 6100 रुपये।
कपास्या खली (60 किलो भरती) बिना टैक्स भाव- इंदौर 1700, देवास 1700, उज्जैन 1700, खंडवा 1675, बुरहानपुर 1675, अकोला 2570 रुपये।