रायपुर वॉच

देश का पहला सर्वसुविधायुक्त स्मार्ट शौचालय रायपुर के कलेक्टोरेट परिसर में बनेगा

Share this
  • महापौर एजाज ढेबर, उत्तर विधायक कुलदीप जुनेजा और पार्षदों ने किया भूमिपूजन
  • ग्रेसफुल मीडिया प्रालि स्मार्ट टायलेट विकसित कर अगले 10 साल तक रखरखाव करेगा

रायपुर : राजधानी रायपुर के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पंजीयन कार्यालय के समीप रिक्त भूमि पर शुक्रवार को देश में अपने तरह के पहले सर्वसुविधायुक्त स्मार्ट शौचालय के निर्माण और विकास कार्य का शुभारंभ किया गया। निमार्ण कार्य जल्द करने के लिए महापौर एजाज ढेबर, रायपुर उत्तर विधायक व छत्तीसगढ़ राज्य गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष कुलदीप सिंह जुनेजा, निगम लोक कर्म विभाग के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा, स्वास्थ्य विभाग के अध्यक्ष नागभूषण राव ने श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर भूमिपूजन किया।

देश का अपने तरह का यह पहला स्मार्ट शौचालय होगा। इस शौचालय का निर्माण रायपुर की मेसर्स ग्रेसफुल मीडिया प्रालि कर रही है। प्रस्तावित स्मार्ट शौचालय पूरी तरह से सर्वसुविधायुक्त बनाया जाएगा। इसमें महिला-पुरुषों के लिए तीन-तीन यूरिनल और पांच-पांच शौचालय बनाए जाएंगे। ग्रेसफुल मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि अधिकारी ने प्रस्तावित स्मार्ट टायलेट ओडीएफ डबल प्लस के प्रस्तावित माडल और ड्राइंग-डिजाइन महापौर ढेबर समेत पार्षदों को दिखाया।

महापौर ने बताया कि शौचालय निर्माण के एवज में नगर निगम ने अनुबंधित एजेंसी को कलेक्ट्रेट परिसर में विज्ञापन करने का अधिकार अनुबंध की शर्तों के अनुसार दिया गया है। महापौर ढेबर और विधायक जुनेजा ने एजेंसी के प्रतिनिधि अधिकारी को तत्काल कार्य शुरू करवाकर जल्द ही काम पूरा करने कहा है, ताकि राजधानीवासियों को सर्वसुविधायुक्त स्मार्ट टायलेट ओडीएफ डबल प्लस की पहली सुविधा मिल सके।

वेटिंग लाउंज और फीडिंग रूम भी

महिलाओं, बच्चों, निशक्तजनों, तृतीय लिंग समुदाय के लिए अलग-अलग व्यवस्था की जाएगी। स्मार्ट शौचालय परिसर में वेटिंग लाउंज भी बनाया जाएगा। गर्भवती माताओं समेत नवजात शिशुओं की सुविधा के लिए अलग से फीडिंग रूम का निर्माण किया जाएगा। इस योजना में नगर निगम रायपुर की कोई राशि खर्च नहीं होगी। अनुबंधित एजेंसी ही आगामी 10 साल के लिए स्मार्ट टायलेट परिसर का संधारण, रखरखाव, साफ-सफाई का पूरा व्यय वहन करेगी। खास यह है कि आम लोग बिना पैसे का भुगतान किए इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। यह पूरी तरह से निश्शुल्क रहेगा। इस मौके पर रायपुर कलेक्टर सौरभ कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल, निगम आयुक्त प्रभात मलिक, पूर्व पार्षद राकेश धोतरे, निगम कार्यपालन अभियंता एवं स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी रघुमणि प्रधान समेत निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *