रायपुर वॉच

रायपुर के शांति सरोवर में सजाई गई चैतन्य देवियों की झांकी, भक्तजन 15 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम को छह से रात्रि 10 बजे तक चैतन्य देवियों के दर्शन कर सकेंगे

Share this

रायपुर : विधानसभा मार्ग पर स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, शांति सरोवर में नवरात्र पर नौ देवियों की चैतन्य झांकी सजाई गई है। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति केसरीलाल वर्मा ने सजीव झांकी का शुभारंभ किया। यहां पर मां दुर्गा के नौ रूपों को अत्यंत आकर्षक एवं जीवंत स्वरूप में प्रस्तुत किया गया है।

कुलपति वर्मा ने चैतन्य देवियों की झांकी का अवलोकन करने के बाद कहा कि ब्रह्माकुमारी आश्रम की बहनों ने चैतन्य झांकी में देवियों का रूप धारण करके और एक ही स्थिति में रहकर बिना पलक झपकाए अपनी संकल्प शक्ति से संदेश दिया है कि ध्यान, योग से व्यक्ति घंटों तक एक ही स्थिति में रह सकने की क्षमता हासिल कर सकता है।

चैतन्य देवियों की झांकी का शुभारम्भ कुलपति डॉ. केसरीलाल वर्मा, क्षेत्रीय निदेशिका ब्रह्माकुमारी कमला दीदी और वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी सविता बहन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। वर्मा ने आगे कहा कि मां दुर्गा युगों-युगों से शक्ति एवं ज्ञान की देवी के रूप में जनमानस में स्थापित हैं। बुराई से दूर रहकर सात्विक मन से सर्व जन हिताय के कार्य करने की प्रेरणा नवरात्र में जागृत होती है।

अपने संपूर्ण जीवनकाल में ऐसी सुंदर और जीवंत झांकी उन्होंने पहली बार देखी है। यह नगर वासियों के लिए गौरव की बात है कि इतना सुन्दर आयोजन राजधानी में किया गया है। यहां आने के बाद व्यक्ति स्वयं को तनाव मुक्त महसूस करने लगता है। आदिशक्ति के नौ रूपों की जीवंत प्रस्तुति अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने सामाजिक जागृति के कार्यों के लिए ब्रह्माकुमारी संस्थान के प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर क्षेत्रीय निदेशिका ब्रह्माकुमारी कमला दीदी ने बताया कि यह झांकी इलाहाबाद, इंदौर, कोटा, उज्जैन, माउंट आबू और भिलाई में लगाई जा चुकी है। सभी जगह पर जनता ने इसको खूब पसंद किया है। यह झांकी शांति सरोवर रायपुर में 15 अक्टूबर तक रहेगी। इसमें भक्तजन प्रतिदिन शाम को छह से रात्रि 10 बजे तक चैतन्य देवियों के दर्शन कर सकेंगे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *