रांची। प्रदेश में क्राइम का ग्राफ बढ़ता जा रहा है, पहले वकील की हत्या, फिर जज की संदिग्ध मौत, फिर रांची के फोटो जॉर्नलिस्ट पर जानलेवा हमला। अब इस लिस्ट में नेता भी शामिल हो गए हैं। बुधवार की देर शाम भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के ग्रामीण जिला अध्यक्ष जीतराम मुंडा की बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं भाजपा नेता राज किशोर भी इस घटना में घायल हो गए।
अपराधियों ने इस वारदात को बुधवार की शाम तब अंजाम दिया जब जीतराम ओरमांझी के चुटुपालु स्थित एक होटल बैठकर राजकिशोर के साथ चाय पी रहे थे। इस वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बाइक से रांची की तरफ भाग निकले। मृतक जीतराम ओरमांझी के पुंदाग गांव के रहने वाले थे। उनका पुंदाग में एक होटल भी है।
जानकारी के अनुसार एक कार्यक्रम से लौटकर जीतराम अपने दोस्त राजकिशोर के साथ पालू स्थित आर्यन होटल में बैठे हुए थे। दोनो चाय पी रहे थे। इसी दौरान बाइक पर दो अपराधी पहुंचे। एक अपराधी एनएच के दूसरे तरफ बाइक लेकर खड़ा था। दूसरा अपराधी रास्ता पार कर होटल में बैठे जीतराम के पास पहुंचा औऱ पीछे से फायरिंग कर दी। गोली जीतराम के गर्दन से होते हुए छाती से निकली, जो राजकिशोर के अंगुली में लगी। इसके बाद अपराधी दौड़ते हुए रास्ता पार किया और बाइक में बैठकर अपने साथी के साथ रांची की तरफ भाग निकला।