रायपुर वॉच

आज आंशिक रूप से छाएंगे बादल और होगी हल्की बारिश

Share this

रायपुर। मानसूनी सिस्टम के मजबूत होने से राजधानी रायपुर सहित प्रदेश भर में बादल छाने के साथ ही हल्की बुंदाबांदी भी हो रही है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि गुरुवार को इसके प्रभाव से प्रदेश भर में आंशिक बादल छाने के साथ ही हल्की बारिश भी होगी। साथ ही शुक्रवार 10 सितंबर के बाद से प्रदेश भर में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। बुधवार सुबह से ही राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाने के साथ धूप-छांव लगा लगा रहा। हालांकि कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई। मंगलवार की तुलना में बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 32.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। रायपुर जिले में अब तक 720.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में रायपुर जिले के सभी तहसीलों में वर्षा हुई। रायपुर तहसील में 34.2 मिमी, आरंग में 14 मिमी, अभनपुर में 16.6 मिमी, गोबरा-नवापारा में 15 मिमी, तिल्दा में 12.3 मिमी और खरोरा में 12 मिमी औसत वर्षा हुई। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश और उसके आसपास है। इसके साथ ही ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा 7.6 किमी ऊंचाई तक है। निम्न दाब का केंद्र काफी दूर जाने के कारण प्रदेश में बहुत कम प्रभाव पड़ेगा। प्रदेश में हालांकि गुरुवार को आंशिक बादल छाने के साथ ही हल्की बारिश के भी आसार है। साथ ही अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *