प्रांतीय वॉच

गोद लिए 91 गौठानों को बनाएं स्वावलंबी : कलेक्टर

Share this

 सन्नी खान/बालोद : कलेक्टर जनमेजय महोबे ने आज यहॉ संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयेाजित प्रशिक्षण सह कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी योजना अंतर्गत जिन 91 गौठानों को गोद लिया गया है, उन 91 गौठानों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य कर स्वावलंबी बनाएं। उन्होंने कहा कि नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी शासन की महत्वपूर्ण योजना है। गौठानों में विभिन्न आजीविकामूलक गतिविधियॉ संचालित होने से ग्रामीणों को अतिरिक्त आमदनी मिलेगी। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि उन्हें जिन गौठान की जिम्मेदारी दी गई है, उसका निर्वहन करें। गौठानों में स्वयं भ्रमण कर वस्तुस्थिति की जानकारी लें। गोधन न्याय योजना के तहत खरीदे गए गोबर से वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण व विक्रय तथा चारागाह में चारा उत्पादन लगातार जारी रहे। स्वसहायता समूहों के सदस्यों को विभिन्न आजीविकामूलक गतिविधियों के माध्यम से उनका आमदनी बढ़ाने उन्हें प्रोत्साहित करें। गौठान के भ्रमण के समय गौठान समिति के सदस्यों, स्वसहायता समूहों के सदस्यों, ग्रामीणों से चर्चा करें। गौठान में किसी भी समस्या का स्थानीय स्तर पर निराकरण करें। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि वे मुख्यालय में निवास करें। प्रत्येक सप्ताह प्रगति की समीक्षा की जाएगी। शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन में उदासिनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। प्रशिक्षण सह कार्यशाला में अधिकारियों को बताया गया कि गौठान के निरीक्षण के दौरान गौठान में मवेशियों की उपस्थिति, गौठान में फेंसिंग, सी.पी.टी. या बायोफेंसिंग की स्थिति, मवेशियों के पीने के लिए पानी की व्यवस्था, विभिन्न आजीविकामूलक गतिविधियों के संचालन के लिए विद्युत व्यवस्था, चारागाह में सिंचाई की व्यवस्था, गौठान में स्वीकृत वर्मी टंाका, गोबर से भरे वर्मी टंाका, रिक्त वर्मी टंाका, स्वीकृत चारागाह, पूर्ण चारागाह, वृक्षारोपण कार्य, स्वसहायता समूहों की संख्या, संचालित आजीविकामूलक गतिविधियॉ, संलग्न स्वसहायता समूहों तथा सदस्य, आजीविकामूलक गतिविधियों से स्वसहायता समूहों की कुल आय आदि की जानकारी लिया जाए। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. रेणुका श्रीवास्तव, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हेमंत ठाकुर, एस.डी.एम. बालोद श्री आर.एस.ठाकुर, एस.डी.एम. गुण्डरदेही श्री भूपेन्द्र अग्रवाल, एस.डी.एम. डौण्डीलोहारा श्रीमती प्रेमलता चंदेल, एस.डी.एम. गुरूर श्री अमित श्रीवास्तव, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना ग्रामीणों के लिए बना वरदान
शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना शासन के द्वारा 02 अक्टूबर 2019 से शुभारंभ किया गया। जिसके तहत् बालोद जिले के सभी विकासखण्डों के 50 हॉट बाजारों में इस योजना का सफल संचालन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री हॉट बाजार क्लिनिक योजना एक महत्वाकांक्षी योजना है जो ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हुआ है। जिसके तहत् ग्रामीण क्षेत्रों में लोग मुख्यमंत्री हॉट बाजार क्लिनिक योजना में आये हुए डॉक्टरों को अपने परेशानियों को बताते हैं एवं डॉक्टर द्वारा दिये गए दवाईयों एवं परामर्शों से बीमारी का इलाज कराकर संतुष्ट होकर जाते हैं। बालोद जिला अन्तर्गत सभी विकासखण्डों में इस योजना को चालू किया गया है। जिसमें विकासखण्ड बालोद में 10, डौण्डी में 10, डौण्डीलोहारा में 10, गुण्डरदेही में 10 एवं गुरूर में 10 जगहों पर मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना लगाई जाती है। मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना के अन्तर्गत जो ग्रामीण दूर स्वास्थ्य संस्था तक या शहर के अस्पतालों तक नहीं पहुंच पाते थे उनको उन्हीं के स्थान पर पहुंच कर मरीजों की बीमारियों की पहचान कर दवाईयां एवं परामर्श दिया जाता है। मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना में बुखार, मलेरिया की जांच एवं उपचार, एचआईव्ही की जांच एवं धनात्मक आने पश्चात् उच्च स्वास्थ्य संस्था में रिफर करना, टी.बी. की जांच एवं पॉजिटिव आने पर उनका दवाई शुरू कराना एवं उनकी देखभाल, रक्तअल्पता की जांच एवं उपचार, कुष्ठ रोग की पहचान एवं उपचार, रक्तचाप जांच एवं मरीजों की उपचार एवं परामर्श, मधुमेह की जांच एवं उपचार करना, गर्भवती महिलाओं की जांच एवं परामर्श, शिशुओं का टीकाकरण, नेत्र विकार संबंधी जांच एवं उपचार, डायरिया प्रकरण आदि बीमारियों की जांच एवं उपचार किया जाता है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना के तहत् अब तक बुखार पीड़ित 391 मरीजों का मलेरिया जांच किया गया। जिले के अन्तर्गत सभी 50 हाट बाजारों में 129 मरीजों का रक्त अल्पता का जांच किया गया। मुख्यमंत्री हाट बाजारों में 1873 हितग्राहियों का रक्तचाप का जांच किया गया। मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना के अन्तर्गत महिला कर्मचारियों के द्वारा अब तक 60 गर्भवती महिलाओं का सफल ए.एन.सी. जांच कर संस्थागत प्रसव हेतु परामर्श दिया गया। योजनान्तर्गत ग्रामीण स्थलों में कुल 175 आंख से संबंधित समस्याओं हेतु जांच सुविधा उपलब्ध कराया गया। ग्रामीण स्थलों में डायरिया से बचाव के लिए परामर्श एवं जनजागरूकता फैलाया जाता है। अब तक इस योजना के तहत् 184 डायरिया से ग्रसित मरीजों की पहचान कर दवाईयां उपलब्ध कराया जा चुका है। अब तक सामान्य बीमारियों की जांच व पहचान कर 8283 लोगों को उपचार कर दवाईयां उपलब्ध कराया जा चुका है। इस योजना के तहत् मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना के स्वास्थ्य टीमों के द्वारा हाट बाजारों में जाकर अधिकतर ग्रामीण व पिछड़ी जगह है वहां पर पहुंच कर 8283 लोगों को इस योजना से लाभान्वित किया जा चुका है। जिले के अन्तर्गत 50 स्थानों पर मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना का संचालन किया जा रहा है।

अरमरीकला में सामुदायिक बाड़ी का कार्य कर आय अर्जित कर रही महिला स्वसहायता समूह
बालोद जिले के गुरूर विकासखण्ड के ग्राम अरमरीकला के गौठान परिसर में 03 महिला स्वसहायता समूहों द्वारा 05 एकड़ भूमि पर उद्यान विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन व विभागीय योजनाओं का लाभ लेकर विगत 02 वर्षों से सामुदायिक बाड़ी का कार्य किया जा रहा है। प्रथम वर्ष में समूह द्वारा हल्दी, जिमीकंद, भिण्डी, अदरक, भाजी आदि का उत्पादन व विक्रय कर 39 हजार रूपए की आमदनी प्राप्त की गई थी। वर्ष 2020-21 में वहॉ विभागीय योजना एवं डीएमएफ मद के अभिसरण से ड्रिप सिंचाई की स्थापना की गई। जिससे समूहों को तकनीकी रूप से खेती करने में मदद मिली। वर्तमान में महिला स्वसहायता समूहों द्वारा सेम, भिण्डी, गोभी, केला, जिमीकंद, बरबट्टी की खेती की जा रही है। जिससे अभी तक उन्हें 51 हजार रूपए की आमदनी प्राप्त हुई है। सामुदायिक बाड़ी महिला स्वसहायता समूहों के लिए आय अर्जित करने का साधन बना है।

आदर्श गौठान चरोटा में डेयरी व्यवसाय से कान्हा स्वसहायता समूह के हितग्राही हो रहे लाभान्वित
बालोद विकासखण्ड के ग्राम चरोटा के आदर्श गौठान परिसर में कान्हा स्व सहायता समूह द्वारा डेयरी व्यवसाय कर आर्थिक रूप से लाभान्वित हो रहे है। समूह के सदस्यों ने बताया कि पशुधन विकास विभाग द्वारा संचालित राज्य डेयरी उद्यमिता विकास योजना अंतर्गत जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक शाखा बालोद से ऋण लिए हैं, जिसमें 66.6 प्रतिशत अनुदान राशि का प्रावधान है। समूह द्वारा 10 गाय खरीदा गया, जिससे वे डेयरी व्यवसाय का कार्य कर रहे हैं। गौठान में गायों को खिलाने के लिए चारागाह में नेपियर घास लगाया गया है। वर्तमान में गायों से प्रतिदिन लगभग 100 से 120 लीटर दूध प्राप्त हो रही हैं। जिसे बालोद स्थित दूध गंगा में प्रति लीटर 42 रूपए की दर पर विक्रय किया जा रहा है। अभी तक समूह द्वारा बैंक में 25 हजार रूपए जमा किया जा चुका है तथा दूध विक्रय कर एक गाय और खरीद लिए हैं। समूह के सदस्यों ने बताया कि अब वे आर्थिक रूप से लाभान्वित हो रहे है तथा उनका परिवार खुश है।

व्याख्याता पद हेतु दावा आपत्ति 10 सितम्बर तक
उत्कृष्ट विद्यालय प्रबंधन समिति बालोद द्वारा संचालित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बालोद, अर्जुन्दा, गुरूर, डौण्डीलोहारा और डौण्डी के लिए अस्थायी रूप से संविदा शिक्षकों की नियुक्ति हेतु योग्यताधारी आवेदकों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। जिला शिक्षा अधिकारी एवं उत्कृष्ट विद्यालय प्रबंधन समिति बालोद के सचिव ने बताया कि व्याख्याता पद हेतु प्राप्त आवेदनों के आधार पर पात्र, अपात्र, निरस्त अभ्यर्थियों की सूची जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बालोद में अवलोकन हेतु चस्पा किया गया है तथा जिले की वेबसाईट बालोद डॉट जीओवी डॉट इन में अपलोड किया गया है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी 10 सितम्बर 2021 रात्रि 12 बजे तक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बालोद की ई-मेल आई.डी. कर्मचारीचयनडीईओ एटदरेट जीमेल डॉट कॉम पर निर्धारित प्रारूप में दस्तावेजी प्रमाण के साथ अपना दावा आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं।

जिले में टीबी खोज अभियान का आयोजन 10 सितम्बर से 10 अक्टूबर तक
जिले में टीबी खोज अभियान का आयोजन 10 सितम्बर 2021 से 10 अक्टूबर 2021 तक किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.पी.मेश्राम ने बताया कि राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत टीबी खोज अभियान जिले के समस्त विकासखण्डों के ग्रामों में घर-घर भ्रमण कर टीबी खोजी दल द्वारा टीबी की स्क्रीनिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि टीबी रोग के लक्षण दो सप्ताह से ज्यादा खंासी, भुख न लगना, वजन का घटना, शाम को बुखार आना, छाती में दर्द और बलगम के साथ खूना आना है। यदि व्यक्ति में टीबी का एक भी लक्षण दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में जॉच कराना चाहिए। जॉच व इलाज पूर्णतः निःशुल्क है। टीबी की दवा का सेवन नियमित करने से टीबी ठीक हो जाता है। टीबी एक संक्रामक बीमारी है, संक्रमित व्यक्ति के खंासने या छींकने से टीबी के कीटाणु हवा में फैलते हैं और श्वास द्वारा स्वस्थ व्यक्ति के फेफड़े में चला जाता हैं, इस प्रकार टीबी रोग हो जाता है। उन्होंने बताया कि समस्त शासकीय अस्पताल में उच्च तकनीक (माइक्रोस्कोपी, ट्रूनॉट, एक्स-रे) के माध्यम से टीबी की जॉच की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध है।

जिले में 18 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों के लिए 09 सितम्बर को कोविड टीकाकरण केन्द्रों की जानकारी
कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम अंतर्गत 09 सितम्बर 2021 को जिले में 18 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों का टीकाकरण किया जाएगा। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ एस.के. सोनी ने बताया कि विकासखंड बालोद अंतर्गत् टाउन हॉल बालोद, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ज. सांकरा, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द लाटाबोड़, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द करहीभदर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द पीपरछेड़ी, ग्राम पंचायत कोहंगाटोला, हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर परसोदा, ग्राम पंचायत भवन बघमरा, सामुदायिक भवन खैरतराई, ग्राम पंचायत निपानी में टीकाकरण कार्यक्रम किया जाएगा। इसी प्रकार विकासखंड डौण्डी अंतर्गत् सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डौण्डी, ग्राम धोबेदण्ड, बीएसपी अस्पताल दल्लीराजहरा, ग्राम कुसुमकसा, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चिखलाकसा, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सुरडोंगर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र घोटिया, विकासखंड डौण्डीलोहारा अंतर्गत् सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डौण्डीलोहारा, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र देवरीबंगला, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सुरेगांव, ग्राम पापरा, ग्राम रानीतराई रोड, ग्राम सी.बी. नवागांव, विकासखंड गुंडरदेही अंतर्गत् बैडमिंटन हॉल गुण्डरदेही, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अर्जुन्दा, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द खुरसुनी, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द सिरसिदा, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द गुरेदा, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द कलंगपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द भरदाकला, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द कुरदी, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द माहुद बी, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द बेलौदी, विकासखंड गुरूर अंतर्गत् सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गुरूर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पुरूर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बोड़रा, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पलारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र अरमरीकला, ग्राम नारागांव, गगोरीपार, भोथली, भानपुरी, सांगली, कन्हारपुरी, मुड़गहन, नंगझर, कुलिया, चिटौद, सरबदा व पेण्डरवानी में टीकाकरण किया जाएगा।

जिले में अब तक 654 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
जिले में चालू मानसून सत्र के दौरान 01 जून से आज 08 सितंबर 2021 तक 654.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। कलेक्टर कार्यालय के भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार बालोद तहसील में अब तक 652.3 मिलीमीटर, गुरूर तहसील में 664.3 मिलीमीटर, गुण्डरदेही तहसील में 598.8 मिलीमीटर, डौण्डी तहसील में 649.9 मिलीमीटर, डौण्डीलोहारा तहसील में 728.6 मिलीमीटर और अर्जुन्दा तहसील में 634.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *