रायपुर : आज नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त प्रभात मलिक एवं स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष नागभूषण राव ने शहीद पंकज विक्रम वार्ड नम्बर 58 के पार्षद प्रतिनिधि श्री देवेन्द्र यादव, महामाया मंदिर वार्ड नम्बर 65 की पार्षद श्रीमती सरिता वर्मा सहित निगम सहायक स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर तृप्ति पाणीग्रही, जोन 6 के जोन कार्यपालन अभियन्ता श्री रघुमणि प्रधान, जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजीव शर्मा एवं अन्य सम्बंधित निगम अधिकारियों की उपस्थिति में विशेष सफाई अभियान का प्रत्यक्ष अवलोकन किया.टैगोर नगर में दो स्थानों, नरेय्या तालाब के पास एक स्थान एवं चिरोंजी तालाब के पास एक स्थान पर कुल चार स्थानों में सार्वजनिक मुक्कडों को बंद करवाकर वहां रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के माध्यम से सौंदर्यीकरण करवाने के निर्देश जोन 6 के सम्बंधित जोन अधिकारियों को दिये.आयुक्त श्री मलिक एवं स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष श्री राव ने वार्ड नम्बर 58 एवं 65 में नगर निगम द्वारा चलाये गए विशेष सफाई अभियान का प्रत्यक्ष अवलोकन किया. वार्ड में व्यापक रूप से मच्छरों के कारगर नियंत्रण हेतु एन्टी लार्वा ट्रीटमेंट अभियान एवं फागिंग अभियान चलाया गया. सार्वजनिक नालियों की सफाई करवाकर कचरा उठवाते हुए स्वच्छता कायम की गयी. घरों के विंडो कूलरों में जमा पानी तत्काल खाली करवाकर उनके भीतर केमिकल दवा का व्यापक तौर पर छिड़काव करवाया गया. नागरिकों से आव्हान किया गया कि डेंगू फैलाने वाला मच्छर का लार्वा साफ एवं ठहरे हुए पानी में पनपता है, इसलिये विंडो कूलरों में पानी नहीं भरें, उन्हें सूखा एवं साफ रखें. अपने घर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में कहीं पर भी पानी का जमाव ना होने देवें.पानी का जमाव कहीं पर भी दिखने पर तत्काल नगर निगम कार्यालय में इसकी जानकारी देवें, ताकि तत्काल टीम भेजकर पानी के जमाव की समस्या को दूर किया जा सके.
आयुक्त एवं स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष ने जोन 6 के वार्ड 58 एवं 65 का निरीक्षण कर विशेष सफाई अभियान का जायजा लिया, मुककड़ों को बंद करवाकर वहां सौंदर्यीकरण करवाने दिये निर्देश

