रायपुर: राजधानी रायपुर के एक कारोबारी को वाट्सऐप में वॉइस मैसेज भेजकर उनके अपहरण की धमकी दी गई है। अपहरण से बचने के लिए 10 लाख रुपए की फिरौती की भी मांग की गई है। कारोबारी ने इसकी शिकायत कोतवाली थाने में की। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक शैलेंद्र नगर निवासी रूपचंद बोहरा जैन के मोबाइल में वाट्सऐप में किसी ने वॉइस मैसेज भेजा। इसमें रूपचंद से 10 लाख रुपए की मांग की गई है। पैसा नहीं देने पर उनकी बेटी का अपहरण करने की धमकी दी है। साथ ही कारोबारी को जान से मारने की भी धमकी दी गई है। वॉइस मैसेज भेजने वाले का नंबर 35796170978 है। इसकी शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वॉइस मैसेज भेजने वाले का नंबर 3579 से शुरू होता है। यह मोबाइल नंबर सीरिज उपयोग नहीं हो रहा है। इससे यह नंबर मोबाइल ऐप या इंटरनेट के जरिए जनरेट होने की आशंका है। फिलहाल कारोबारी की शिकायत के बाद साइबर सेल की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
साइबर ठगी की कोशिश की आशंका
मामले में साइबर ठगी की कोशिश की आशंका है। आमतौर पर कई साइबर ठग वाट्सऐप के जरिए अश्लील क्लीपिंग बनाकर या धमकी भरे मैसेज, वॉइस मैसेज भेजते हैं और डराकर वसूली की कोशिश करते हैं। रायपुर कोतवाली के टीआई मोहसिन खान ने कहा, कारोबारी की शिकायत पर अपराध दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जिस नंबर से वॉइस रेकार्डिंग भेजी गई, वैसा नंबर फिलहाल उपयोग नहीं हो रहा है। इसकी जानकारी ली जा रही है।

