प्रांतीय वॉच

गाईडलाइन का पालन करते हुए स्कूल संचालन के निर्देश, 31 अगस्त तक बनाया जा सकता है आयुष्मान कार्ड

Share this

अक्कू रिजवी/कांकेर : कलेक्टर चन्दन कुमार ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति एवं प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये हैं। जिले में आज से स्कूल प्रारंभ हो गया है, जिसके संचालन के लिए शासन द्वारा जारी गाईडलाइन का पालन सुनिश्चित करने हेतु जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि कक्षा में 50 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति नहीं होनी चाहिए। विद्यार्थियों एवं स्टॉफ को सर्दी, खांसी, बुखार होने की स्थिति में विद्यालय नहीं बुलाने तथा कोरोना के प्रकरण पाये जाने पर तत्काल सूचना देने कहा गया है। आदिवासी क्षेत्रों में देवगुड़ी व घोटुल निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। जिले के गौठानों में उपलब्ध वर्मी कम्पोस्ट एवं उसके विक्रय की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री चन्दन कुमार ने सभी गौठानों में रजिस्टर संधारित करने के निर्देश दिये हैं। राजीव गांधी किसान न्याय योजनांतर्गत धान के बदले अन्य लाभकारी फसलों की खेती करने वाले किसानों को चिन्हांकित करने और उनका सहकारी समितियों में पंजीयन कराने के लिए कृषि विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया गया। लीड बैंक मैनेजर को आमाबेड़ा एवं कोयलीबेड़ा का दौरा कर उस अंचल के हितग्राहियों का खाता खोलने सहित अन्य बैंकिंग समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने निर्देश दिये गये। नरहरपुर विकासखण्ड के ग्राम बालाजी देवरी में निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए कहा गया। ग्रामीण सचिवालय में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की विस्तृत समीक्षा भी कलेक्टर द्वारा की गई। नोडल अधिकारियों द्वारा भी ग्रामीण सचिवालय के दौरान प्राप्त समस्या व शिकायत की जानकारी दी गई, जिनका निराकरण करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
कलेक्टर श्री चन्दन कुमार ने पोषण पुनर्वास केन्द्रों में पूर्ण क्षमता के अनुसार कुपोषित बच्चों को भर्ती कराने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है, उनके द्वारा कोविड-19 टीकाकरण, मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान एवं स्कूली विद्यार्थियों के लिए जाति प्रमाण पत्र बनाने के कार्य की भी समीक्षा की गई एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। उन्होंने जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य की समीक्षा किया। बताया गया कि आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए शासन द्वारा 31 अगस्त तक समय बढ़ा दिया गया है। परिवार के प्रत्येक सदस्य का आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है, जिन हितग्राहियों ने अभी तक अपना आयुष्मान कार्ड नहीं बनवाया है वे च्वाईस सेंटर में जाकर आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए निःशुल्क पंजीयन करा सकते हैं। जिले में अब तक 04 लाख 86 हजार 965 हितग्राहियों के द्वारा आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए पंजीयन कराया जा चुका है। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से जिले, राज्य एवं राज्य के बाहर पंजीकृत तथा सूचीबद्ध शासकीय अथवा निजी अस्पतालों में भर्ती होकर 50 हजार रूपये से लेकर 5 लाख रूपये तक निःशुल्क ईलाज की सुविधा प्रतिवर्ष प्राप्त कर सकते हैं।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *