प्रांतीय वॉच

आपके द्वार आयुष्मान योजना: आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया फिर शुरू, चॉइस सेंटर में बना सकते हैं हितग्राही 

Share this
समैया पागे/बीजापुर : भारत सरकार एवं राज्य शासन के निर्देशानुसार आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना डॉ. खूबचन्द बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत जिले के अनुमति प्राप्त चॉइस सेंटर में पात्र हितग्राहियों की पात्रता अनुसार आयुष्मान कार्ड सह पंजीयन बनाने का काम 30 अप्रैल तक संचालित था। परंतु कोविड-19 के प्रसार को देखते हुए इस कार्य को स्थगित किया गया था। इसे अब पुनः प्रारंभ कर दिया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के.सिंह ने बताया कि इसे पुनः प्रारंभ करने संचालक स्वास्थ्य सेवाएं मुख्य कार्यपालन अधिकारी राज्य नोडल एजेंसी द्वारा प्राप्त निर्देश एवं कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में ऐसे हितग्राही जिन्होंने अभी तक आयुष्मान कार्ड पंजीयन नहीं करवाएं है वे अपना राशन कार्ड व आधार कार्ड लेकर नजदीकी चॉइस सेंटर में जाकर कार्ड बनवा सकते हैं। जिससे हितग्राही आपातकालीन अथवा जरूरत के आधार पर जिले, प्रदेश तथा प्रदेश के बाहर पंजीकृत अथवा सूचीबद्ध शासकीय, निजी अस्पताल में भर्ती होकर 50 हजार रूपये या 5 लाख रूपये तक की प्रति वर्ष स्वास्थ्य लाभ लेकर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जिन पात्र हितग्राहियों ने पूर्व में विभिन्न चिन्हांकित चॉइस सेंटर में अपना पंजीयन कराएं है वे उसी चॉइस सेंटर में अपना आधार कार्ड, राशन कार्ड पुनः दिखाकर निःशुल्क पीवीसी आयुष्मान कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। राज्य नोडल एजेंसी ने बताया कि पूर्व में 1 मार्च से 31 मार्च तक आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया जारी थी। जिसे बढ़ाकर 30 अप्रैल तक किया गया था। इस अवधि में आपके द्वार आयुष्मान योजना के तहत पंजीयन के मामले में छत्तीसगढ़ देश में सर्वश्रेष्ठ रहा था। इस अवधि में सबसे अधिक कार्ड भी बनाए गए। आयुष्मान कार्ड एवं पंजीयन की अधिक जानकारी के लिए कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बीजापुर या टोल फ्री नम्बर 104 में संपर्क कर सकते हैं।
Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *