- ठेकेदारों व निर्माण एजन्सियों को शीघ्र कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
बालकृष्ण मिश्रा/सुकमा : जिला कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में आज कलेक्टर विनीत नंदनवार ने जिले में प्रगतिरत विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में लोक निर्माण विभाग एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के निर्माणाधिन भवनों, सड़क तथा अन्य विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि समस्त कार्यों को प्राथमिकता से पूरी गुणवत्ता से तय समय सीमा के भीतर पूर्ण करें। कोरोना काल के दौरान विभिन्न कार्यों की गति धीमी हुई है, उन्हें पुनः तीव्र रुप से प्रारंभ करें। उन्होने ठेकेदारों से चर्चा करते हुए कहा कि निर्माण कार्यों का माईक्रो प्लान तैयार कर संबंधित अधिकारी को प्रस्तुत करें ताकि कार्य प्रगति का सही आंकलन किया जा सके। इसके साथ ही उन्होने कहा कि प्रशासन को निर्माण कार्यों में आ रही किसी भी प्रकार के समस्या से अवगत कराए जिससे उसका त्वरित निदान संभव हो। कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब ना करें अन्यथा संबंधित ठेकेदार, अनुविभागीय अधिकारी, उप अभियंता पर कार्यवाही की जाएगी। उन्होने जिला अस्पताल में आॅक्सिजन प्लांट का निर्माण कार्य अतिशीघ्र प्रारंभ करने के लिए निर्देशित किया है। इसके साथ ही शबरी नदीघाट सुकमा में मुक्तिधाम निर्माण, ग्राम चिपुरपाल में दुड़मा जलप्रपात के सौंदर्यीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होने बैठक में अनुपस्थित ठेकेदारों को नोटिस जारी करने को कहा।

