क्राइम वॉच

राजधानी में चाकूबाजी: भिड़ गए दो युवक, मृतक के चाकू से कर दी उसी की हत्या, खुद भी गंभीर रूप से घायल

Share this

रायपुर : रायपुर के पुरानी बस्ती इलाके में दो युवकों ने एक बदमाश की हत्या कर दी। घटना मंगलवार की सुबह 11 बजे के आस-पास की है। मलसाय तालाब के पास इसी इलाके में रहने वाले प्रतीक सोनी और यशवंत जायसवाल बैठे थे। इनके पास चेतन साहू आ गया। चेतन भी यहीं रहता है। उसके पास चाकू था। वो यशवंत से भिड़ गया। प्रतीक ने बीच-बचाव किया। चेतन ने अपने चाकू से दोनों पर कई वार किए। इससे गुस्साए प्रतीक और यशवंत ने मिलकर चेतन का चाकू छीन कर उसे ही मार दिया।

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुरानी बस्ती थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घायल हालत में प्रतीक और उसका साथी यशवंत तालाब के किनारे ही पड़े थे। उनके पैर और पेट में चाकू का कट लगने की वजह से काफी खून बह रहा था। दोनों को अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है। पुलिस इनकी स्थिति सामान्य होने के बाद पूछताछ करेगी।

पहले भी हो चुका है विवाद
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मरने वाला चेतन और हत्या को अंजाम देने वाले प्रतीक और यशवंत पहले से ही आपस में झगड़ा करते रहे हैं। कभी शराब पीने तो कभी गांजे को लेकर इनके बीच विवाद होता रहा है। मंगलवार को हुई आपसी तू-तू मैं-मैं ने खूनी रूप ले लिया और मौके पर ही चेतन की मौत हो गई।

एक महीने में हत्या की तीसरी वारदात
अप्रेल के महीने में रायपुर के गुढ़ियारी इलाके के भाजपा नेता भाजपा नेता रवि साहू के 23 साल के बेटे हरीश की महेश्वर नाम के युवक ने हत्या कर दी थी। आरोपी ने हरीश के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने हरीश को बोरे में डाला और मोहल्ले के तालाब में फेंक दिया। वो इस बात से नाराज था कि हरीश उससे अवैध वसूली करता था। कुछ दिन पहले राजा तालाब में प्रवीण हरपाल (35) की उसी के मुहल्ले के विकास सिंह (18) चाकू मारकर हत्या कर दी थी। विकास मुहल्ले में अपना वर्चस्व बनाना चाहता था, और अब पुरानी बस्ती की ये तीसरी घटना जो मंगलवार को हुई।

चाकूबाजों के खिलाफ अभियान पर लॉकडाउन
सिटी SP लखन पटले की अगुवाई में रायपुर की पुलिस ने मार्च के महीने में एक अभियान चलाया था। इसके तहत रायपुर में ऐसे लोगों के चाकू जब्त किए गए थे जिन्होंने ऑनलाइन ऑर्डर कर खतरनाक चाकू मंगवाए थे। तब 318 चाकू शहर के कई थानों में जमा करवाए गए। मगर अब इस अभियान पर लॉकडाउन लग चुका है। बंद पड़ चुके अभियान के बाद चाकूबाजी की वारदात में हत्याएं हो रही हैं।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *