- 300 से अधिक श्रमिकों ने विधायक देवेंद्र यादव से लगाई इंसाफ की गुहार
- श्रमिकों पर त्यागपत्र देने लगातार बनाया जा रहा है दबाव
तापस सन्याल/भिलाई। भिलाई के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित बीईसी इंजीनियरिंग कंपनी प्रबंधन लगातार मजदूरों पर अत्याचार कर रही है। गरीब बेबस श्रमिकों का हक मार रही है और उनका शोषण कर रही है। कंपनी प्रबंधन लगातार अपनी ही कंपनी के श्रमिकों के ऊपर त्यागपत्र देने दबाव बना रही है। सीधे सरल मजदूरों को डराया जा रहा है। त्याग पत्र देने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
लगातार बीईसी इंजीनियरिंग कंपनी प्रबंधन की मनमानी और अत्याचार से तस्त्र हो चुके 300 से अधिक मजदूर रविवार को भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव से मिले और इंसाफ की गुहार लगाई है। कंपनी के पीड़ित प्रताड़ित श्रमिकों का समूह रविवार को भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव के सेक्टर 5 स्थित कार्यालय पहुंचा। विधायक देवेंद्र यादव को लिखित में ज्ञापन सौंपा और अपनी पीड़ा विधायक देवेंद्र यादव को बताई। मजदूरों ने विधायक श्री यादव को बताया कि कंपनी प्रबंधन मजदूरों को काम पर आने से मना कर दिया है और कहा गया कि जरूरत पड़ने पर आपको कॉल कर के बुलाया जाएगा। फिर कुछ लोगों को 2-4 दिन ही काम पर बुलाया गया। कंपनी प्रबंधन बीते दो माह मार्च और अप्रैल का वेतन भी किसी मजदूर को नहीं दिया है। लॉक डाउन के समय कंपनी प्रबंधन ने मजदूरों का वेतन रोक रखा है। जिससे मजदूरों की आर्थिक हालत खराब हो गई है। मजदूर अपने परिवार का पेट कैसे पालेंगे। इस चिंता में है। खाने के लाले पड़ गए है। श्रमिकों ने आगे बताया कि प्रबंधन द्वारा लगातार मजदूरों पर इस तरह के अत्याचार किए जा रहे हैं। कोरोना काल में सभी मजदूर बहुत परेशान है।

