रायपुर वॉच

वैक्सीन के दाम पर बवाल : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने ‘केंद्र सरकार के सिस्टम’ पर लगाया लूट का आरोप, कहा- आपदा भी जनता झेले और आपदा से बचने का आर्थिक बोझ भी

Share this

रायपुर : देश के दूसरे कोरोना वैक्सीन उत्पादक भारत बायोटेक ने भी राज्य सरकारों और खुले बाजार के लिए वैक्सीन के दाम तय कर दिये हैं। इसके मुताबिक यह राज्य सरकारों को 600 रुपए और निजी अस्पतालों को 1200 रुपए प्रति डोज की दर से बेची जाएगी। अब इस दाम को लेकर बवाल मच गया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर जनता को लूटने का आरोप लगा दिया है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा है, केंद्र सरकार को 150 रुपए में मिलने वाली को-वैक्सीन यदि आप प्राइवेट अस्पताल में लगवाएंगे तो आपको 1200 रुपए खर्च करने होंगे। आपदा भी जनता ही झेले, आपदा से बचने का आर्थिक बोझ भी। मुख्यमंत्री ने लिखा, आपदा को अवसर में बदल कर अपनी ही जनता को लूटने वालों का सिस्टम ‌केंद्र सरकार का ही है ना?

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दो दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर राज्यों को भी उसी दर से वैक्सीन उपलब्ध कराने की मांग कर चुके हैं, जिस दर से वह केंद्र सरकार को मिल रही है। राज्य और केंद्र सरकार के लिये अलग-अलग दाम को उन्होंने गलत बताया था। सरकार वैक्सीन की उपलब्धता को लेकर भी चिंतित है।

सीरम ने तय की है 400 और 600 रुपए प्रति डोज कीमत

सीरम इंस्टीट्यूट ने अपनी वैक्सीन कोवीशील्ड का दाम राज्यों के लिए 400 रुपए और खुले बाजार के लिए 600 रुपया प्रति डोज तय किया है। यह कंपनी केंद्र सरकार को 150 रुपए प्रति डोज में वैक्सीन उपलब्ध करा रही है। इसको लेकर राज्यों में भारी असंतोष दिख रहा है।

शायद को-वैक्सीन न खरीदे राज्य सरकार

सरकार के उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि अगर वैक्सीन के दाम कम नहीं हुए तो शायद छत्तीसगढ़ सरकार को-वैक्सीन न खरीदे। बाजार में जो सबसे सस्ती और प्रभावकारी वैक्सीन होगी उसे खरीदने की कोशिश होगी। फिलहाल कोवीशील्ड वैक्सीन के लिये सीरम इंस्टीट्यूट को एक-दो दिन में 50 लाख का आर्डर जारी हो सकता है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *