भोपाल। रेलवे स्टेशन के वीआईपी गेस्ट हाउस में रेलवे कर्मियों के द्वारा ही युवती से गैंगरेप किये जाने की खबर से हडकंप मच गया। दोनों आरोपियों की गिरप्तारी भी हो गई है और न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। वहीं डीआरएम भोपाल ने दोनों को सस्पेंड कर दिया है।
घटना के बारे में जो जानकारी मिली है,उसके मुताबिक स्टेशन के वीआईपी गेस्ट हाउस में आरोपियों ने पहले पीडि़ता के सामने शराब का नशा किया। फिर जबरन उसे कोल ड्रिंक्स बताकर शराब पिला दी। उनके नशे में होने का फायदा उठाकर दोनों ने एक-एक कर उससे ज्यादती की थी। वारदात के बाद दोनों वहां से निकल गए और अपनी ड्यूटी भी करने लगे। गेस्ट हाउस के कस्टोडियन भी सस्पेंड कर दिया है। घटना के बाद पीडि़ता थाने पहुंच गई। युवती की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पकड़े जाने पर आरोपी बनाए गए जूनियर इंजीनियर, कैरिज वैगन राजेश तिवारी और सीनियर सेक्शन इंजीनियर आलोक मालवीय मजदूर यूनियन के पदाधिकारी होने की धौंस भी जमाते रहे। इसी कारण देर शाम बाद ही मामला दर्ज किया जा सका।
मामले की विवेचना अधिकारी श्वेता सोमकुवर ने बताया कि आरोपियों को घटना के बाद भोपाल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 6 से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि पीडि़ता को उन्होंने ही भोपाल बुलाया था। सुबह उसके पहुंचने के बाद राजेश खुद उसे वीआईपी गेस्ट रूम में ले गया था। पीडि़ता के लिए नाश्ते का आर्डर देने के बाद वह उसका इंटरव्यू कराने के नाम पर वहां से चला गया। बाद में वह आलोक मालवीय को अपने साथ ले आया। यहां पर बैठकर दोनों ने शराब पी और युवती को कोल ड्रिंक्स बताकर शराब पिलाई। पूछताछ में आरोपियों ने दुष्कर्म करने की बात कबूली है। पुलिस ने दोनों आरोपियों राजेश और आलोक की गिरफ्तारी रविवार सुबह दिखाई। उसके बाद पुलिस ने बयान दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया। जहां से दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। हालांकि पुलिस जेल में भी जाकर आरोपियों से पूछताछ कर सकती है। डीआरएम भोपाल उदय बोरवणकर ने 12 घंटे के अंदर दोनों आरोपियों समेत तीन लोगों को इस मामले में सस्पेंड कर दिया है।
स्टेशन के वीआईपी गेस्ट हाउस में युवती से गैंगरेप, रेल कर्मी गिरफ्तार

