- मजदूरों एवं दुकानदारों के तकादा से परेशान सरपंचों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
पुरूषोत्तम कैवर्त /कसडोल : बाढ़ राहत मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों के पूर्ण हो जाने के दो साल बाद भी भुगतान नहीं होने से मजदूरों एवं दुकानदारों के आए दिन किए जा रहे तकादा से सरपंचों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है । मजदूरों एवं दुकानदारों के तकादा से परेशान सरपंचों ने जनपद सी ई ओ एवं एस डी एम को बकाया राशि शीघ्र भुगतान करने का अल्टीमेटम देते हुए एक सप्ताह के भीतर भुगतान नहीं होने होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है । कसडोल जनपद क्षेत्र के 17 ग्राम पंचायतों में 2018 – 19 में बाढ़ राहत मद से 29 निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया था । निर्माण कार्य स्वीकृत होने के बाद जनपद सी ई ओ एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निर्माण कार्य शीघ्रता से पूर्ण करने के आदेश के फलस्वरूप सरपंचों ने दुकानदारों से निर्माण सामाग्री उधार लेकर समय सीमा में शीघ्रता से पूर्ण कर लिया । इन निर्माण कार्यों के भुगतान के रूप में प्रथम क़िस्त 40 प्रतिशत राशि ही सरपंचों को प्राप्त हुआ है शेष 60 प्रतिशत राशि निर्माण कार्य पूर्ण हो जाने के दो साल बाद भी भुगतान अभी लंबित है । स्वीकृत निर्माण कार्यों के पूर्ण हो जाने के बाद सरपंचों द्वारा कार्य का मूल्यांकन ,सत्यापन , फोटोग्राफ तथा पूर्णता प्रमाण पत्र जनपद पंचायत में जमा करा दिया गया है और जनपद पंचायत द्वारा जिला पंचायत एवं जिला कलेक्ट्रेट में भुगतान की मांग पत्र भी भेजा जा चुका है लेकिन भुगतान आज तक लंबित है ।इस बीच संबंधित सरपंचों द्वारा जनपद सी ई ओ , जिला पंचायत सी ई ओ एवं जिलाधीश के समक्ष बकाया भुगतान राशि भेजे जाने अनेकों बार निवेदन किया जा चुका है , फिर भी भुगतान नहीं हो पाया है । दो साल से भुगतान नहीं होने से सरपंचों को आए दिन मजदूरों एवं दुकानदारों का तकादा झेलना पड़ रहा है । आम मजदूरों एवं दुकानदारों के तकादे से परेशान सरपंचों ने जनपद पंचायत सी ई ओ तथा एस डी एम को ज्ञापन सौंपकर बाढ़ राहत मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों के बकाया 60 प्रतिशत की राशि शीघ्रातिशीघ्र भुगतान करने की मांग की है तथा एक सप्ताह के भीतर भुगतान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है । ज्ञापन सौंपने वालों प्रमुख रूप से जिला पंचायत सभापति गोरेलाल साहू सरपंच संघ अध्यक्ष श्रीमती ऊषा गोरेलाल साहू , सरपंच सत्यनारायण पटेल ईश्वर पटेल भरतदास मानिकपुरी अटल संतराम वर्मा विद्या चंद्राकर चंदराम यादव कमल किशोर साहू धर्मेंद्र पैकरा कमलेश कुमार यादव रोशन लाल मिश्रा रामगोपाल घृतलहरे अंजीव जायसवाल आदि शामिल थे ।

