रायगढ़/रायपुर। खनिज विभाग रायगढ़ में पूर्व में पदस्थ बाबू एलपी पाल को आय से अधिक संपत्ति के मामले में न्यायालय ने जेल भेज दिया है। उन पर आय से अधिक खर्च करने का आरोप एसीबी की ओर से लगाया गया। प्रारंभिक साक्ष्यों को देखते हुए अदालत ने जमानत आवेदन खारिज करते हुए उसे जेल दाखिल करने का आदेश दे दिया है। वर्ष 2020 तक खनिज विभाग में हेड क्लर्क के रूप में पदस्थ एलपी पाल को एसीबी ने गिरफ्तार कर लिया था। उनके विरुद्ध 2019 में आय से अधिक संपत्ति का प्रकरण दर्ज किया गया था। 30 नवंबर 2020 को पाल बाबू रिटायर भी हो गए। अब एसीबी ने उन्हें गिरफ्तार कर चालान प्रस्तुत किया। विशेष न्यायाधीश किरण कुमार जांगड़े की अदालत में उन्हें प्रस्तुत किया गया। आरोप अजमानतीय व गंभीर प्रकार के होने के कारण अदालत ने जमानत आवेदन खारिज करते हुए उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया है। 10 सितंबर 1981 से 25 मई 2018 के बीच कार्यकाल को एसीबी ने चिन्हित किया था।

