महासमुंद / महासमुंद तुमगांव रोड के रेलवे ओवर ब्रिज के भू अर्जन प्रकरणों में तेजी लाते हुए एस डी एम कार्यालय द्वारा अब शेष बचे लोगों में से 4 भूस्वामियों से शासन के पक्ष में रजिस्ट्री संपादित करने के बाद भू अर्जन की 67 लाख रुपए राशि प्रदान की गई। अब इस भू अर्जन के बाद रेलवे ओवर ब्रिज के पहले से और काम में तेजी आएगी।
कलेक्टर श्री डोमन सिंह के निर्देश उपरांत और तेज़ी से सघन जांच की जा रही है। निर्माण की अनिवार्यता के लिए भूअर्जन की आवश्यकता को पूरा करने राजस्व अमला जुटा हुआ है। विस्थापितो के सहमति के पश्चात अब भूअर्जन प्रकरण तेजी से निपटाए जा रहे हैं तथा भुगतान भी तेजी से किया जा रहा है।
एसडीएम श्री भागवत जायसवाल ने बताया कि इन चारों प्रकरण काफी लंबे समय से कुछ परिवारिक एवं वित्तीय विवाद के कारण लंबित था । उपरोक्त में उभय पक्षों को सुनवाई करते हुए उनकी आर्थिक हितों को और शासन के नियमों को ध्यान में रखते हुए आपसी सहमति नियमो के तहत शीघ्र निपटान करते हुए भू अर्जन की राशि जारी की गई
मालूम हो कि कलेक्टर श्री डोमन सिंह 2 जनवरी को बहुप्रतीक्षित तुमगांव ओवरब्रिज के निर्माण की ज़मीनी हक़ीक़त देखने पहुँचें थे।उन्होंने रहवासियों से भी अपील की कि जिन्होंने अभी तक भूअर्जन व निर्माण में अपनी सहमति नही दी है,। उन्होंने कहा कि यह ओवरब्रिज आम जनता के लिए बेहद जरूरी है, आप दोनों का शासकीय नियमानुसार मुआवजा भी शासन देने के तैयार है। ऐसे में अपना सहयोग सेतु विभाग को करें । ताकि निर्माण शीघ्र हो सके। इस रेलवे सेतु के बन जाने से शहर वासियों को लगातार लगने वाले ट्रेफ़िक जाम व आने जाने में होने वाली दिक्कतों से छुटकारा मिल जाएगा।
रेलवे ओवर ब्रिज का तुमगांव की ओर और महासमुंद की और तक का लगभग 80 फीसदी काम पूरा हो गया है। इसके साथ रेलवे ओवरब्रिज में गर्डर डालकर स्लैब निर्माण का कार्य हो गया है। तुमगांव साईड की ओर होने वाला गर्डर स्लैब का निर्माण पूर्ण हो चुका है। इसी तरह महासमुंद शहर की ओर रिटर्न वॉल का निर्माण कार्य किया जा रहा है।
कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने अधिकारियों को रेलवे ओवरब्रिज की अंतिम दौर की सभी प्रक्रियाओं को तय नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए। ताकि जल्द से जल्द ज़िले की जनता ख़ासकर तुमगाँव की ओर से और महासमुंद की ओर से रोज़ आने-जाने वाली जनता को सरल,सुगम मार्ग मिले। वर्तमान में रेलवे फाटक बंद के कारण जाम की स्थित बन जाती है। रेलवे ओवरब्रिज बन जाने से उन्हें इससे निजात मिलेगी और समय की भी बचत होगी। इसलिए इस निर्माण संबंधी कार्य को जल्द निपटाए।
बतादें कि तुमगांव रेलवे ओवरब्रिज बनजाने से महासमुंद की क़रीबन 35 हजार आबादी को सुविधा मिलेगी। जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि 40 करोड़ की लागत से बन कर तैयार होगा। इसमें भू-अर्जन की राशि शामिल नही है। वह राशि अलग से है। ओवरब्रिज कुल लंबाई 616 मीटर एवं चौड़ाई 15 मीटर है। जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि रेलवे क्रॉसिंग से महासमुंद की ओर 294 मीटर एवं तुमगांव की ओर 248 मीटर एवं रेलवे क्रॉसिंग की लंबाई 74 मीटर है।

