प्रांतीय वॉच

नगर निगम में भिड़े नेता, भाजपा-कांग्रेस पार्षदों में धक्का-मुक्की, जमकर हंगामा और नारेबाजी, मेयर ने पेश किया 45.26 लाख रुपए घाटे का बजट

Share this

 राजनांदगांव : राजनांदगांव नगर निगम में मंगलवार को जमकर हंगामा हो गया। बजट भाषण के दौरान भाजपा पार्षदों ने हंगामा कर दिया। बवाल इतना बढ़ गया कि कांग्रेस-भाजपा पार्षदों में मारपीट की नौबत आ गई। पार्षद एक-दूसरे को धक्का देकर टेबल पर गिरा दिया और सदन के दरवाजे तक ले गए। इसके बाद किसी तरह बीच बचाव कर मामला शांत किया गया। इसके बाद महापौर हेमा देशमुख ने करीब 45.26 लाख रुपए घाटे का बजट पेश किया गया।

दरअसल, निगम सदन में 2021-22 के लिए कांग्रेस महापौर हेमा देशमुख बजट पेश कर रही थीं। इसी दौरान पिछली बार के अधूरे कामों को लेकर भाजपा पार्षदों ने विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद हंगामा बढ़ता चला गया। कांग्रेस और भाजपा पार्षद आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कई पार्षद बैलेंस बिगड़ने से मेज पर ही गिर पड़े। कई को धक्का देते हुए सदन के बाहर निकालने का भी प्रयास किया गया।

हंगामे के चलते आधा घंटा स्थगित रहा सदन
इसके बाद हंगामा बढ़ता ही चला गया। मेयर ने कई बार सदस्य पार्षदों से शांत रहने की अपील की, लेकिन जब किसी ने नहीं सुना तो उन्होंने आधे घंटे के लिए सदन स्थगित कर दिया। इसके बाद भी काफी देर तक नारेबाजी होती रही कि सत्ता पक्ष की गुंडागर्दी नहीं चलेगी। हालांकि, फिर दोनों पक्षों के अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद दोबारा सदन शुरू हुआ और मेयर ने 45.26 लाख रुपए घाटे का बजट पेश किया ।

संस्कारधानी के साथ बनाएंगे महिलाओं को आत्मनिर्भर
संस्कारधानी कहे जाने वाले राजनांदगांव के सौंदर्यीकरण करने के साथ कला और कर्म से भी जोड़ा जाएगा। इसके लिए महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की पहल दाई-दीदी बाजार की स्थापना से की जा रही है। इसमें फ्लाई ओवर के नीचे बाजार का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए बजट में 75 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा पुराने गंज मंडी के पास स्थित शॉपिंग कॉम्पलेक्स के प्रथम तल पर महिला समृद्धि बाजार का निर्माण किया जाएगा।

इन जगहों का होगा सौंदर्यीकरण

मेट्रो सीटी की तर्ज पर आनंद वाटिका में PPP मोड पर वॉटर पार्क का निर्माण
बूढ़ा सागर में नागरिकों की सुविधा में विस्तार करते हुए चलित वॉटर रेस्टोरेंट स्थापित किया जाएगा
चौक-चौराहों पर छत्तीसगढ़ी संस्कृति को उकेरा जाएगा
रानी सागर में पुरुषों के लिए राम घाट व महिलाओं के लिए सिया घाट निर्माण
शहर के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमा स्थापित की जाएगी
शहर के रिक्त भूमि व तालाब के किनारे पौध रोपण
नगर निगम के फूड कोर्ट में गढ़ कलेवा की स्थापना
प्रसिद्ध मोहारा मंडई का रिवर फाउंट की तर्ज पर सौंदर्यीकरण
श्रमिक बाहुल्य क्षेत्र के लोगों का जीवन स्तर को ऊंचा उठाने छोटे उद्यान का निर्माण
छात्र-छात्राओं के लिए भी विशेष सुविधा

नगर निगम के 2 कन्या स्कूलों पढ़ने वाली 50 निर्धन छात्राओं को निशुल्क शिक्षा
शहर के युवक-युवतियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए ऑनलाइन निशुल्क ट्रेनिंग
दिव्यांग व सीनियर सिटीजन के उत्थान के लिए 10 लाख रुपए का प्रावधान
खुलेंगे वर्मी कंपोस्ट खाद विक्रय केंद्र, मॉड्यूलर टॉयलेट बनेंगे

गोबर क्रय कर वर्मी कम्पोस्ट खाद का निर्माण किया जा रहा है। इसके विक्रय केंद्र खोले जाएंगे
मुक्तिधामों की मरम्मत
वार्डो में निर्मित खेल मैदान को दुरुस्त कर दर्शको को सुविधा का विस्तार
शहर के 51 वार्डों में मॉड्यूलर टॉयलेट बनाए जाएंगे
निगम कर्मचारियों को मिलेंगे सस्ते भूखंड
बजट में निगम कर्मचारियों को सस्ते भूखंड उपलब्ध कराने का भी प्रावधान किया गया है। इसके लिए ‘हमर निगम, हमर आवास’ योजना के तहत सस्ते मूल्य पर भूखंड दिए जाएंगे। बजट में इसके लिए 50 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा निगम परिसर के पास निगम पेट्रोल पंप की स्थापना की जाएगी। पेंड्री में निर्मित नए मेडिकल कॉलेज के पास मेडिकल कॉम्प्लेक्स, पुराना आयुर्वेदिक औषधालय बंद हो जाने के कारण वहां और पुत्री शाला में मल्टीस्टोरी बिजनेस कॉम्प्लेक्स का निर्माण।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *