- जिले के शत-प्रतिशत लोगों का टीकाकरण कराने के निर्देश
- हाट-बाजार क्लीनिक योजना नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश
अक्कू रिजवी/कांकेर : कलेक्टर चन्दन कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें उनके द्वारा राजस्व, शिक्षा, जिला विपणन, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, खाद्य, स्वास्थ्य, कृषि, कृषि विज्ञान केन्द्र, महिला एवं बाल विकास, जिला पंचायत, नगरीय निकाय एवं आदिवासी विकास विभाग में संचालित योजनाओं की समीक्षा किया गया। कलेक्टर श्री चन्दन कुमार ने वर्षा ऋतु को देखते हुए बाढ़ एवं आपदा से बचाव के लिए पूरी तैयारी करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया, साथ ही जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में खाद्यान्न का भण्डारण एवं दवाईयांें की पर्याप्त व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तैराक दल की व्यवस्था रखने और उनका मोबाईल नम्बर भी रखने के निर्देश दिये हैं। उनके द्वारा राजस्व अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर प्रतिवेदन जिला कार्यालय के आपदा प्रबंधन शाखा में प्रस्तुत करने के लिए भी कहा गया। कलेक्टर श्री चन्दन कुमार द्वारा जिले में संचालित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती संबंधी जानकारी भी ली गई तथा जिले के सभी विद्यालयों में पुस्तक तथा गणवेशों का वितरण करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिये गये। उनके द्वारा खाद बीज भण्डारण एवं वितरण की जानकारी भी ली गई एवं सभी लैम्पस् में किसानों के लिए खाद बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के नोडल अधिकारी को जिले के सभी लैम्पसों में आवश्यकतानुसार खाद एवं बीज का भण्डारण कर शीघ्र वितरण कराने के लिए निर्देशित किया गया। कोविड-19 टीकाकरण के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि टीकाकरण केन्द्रों में प्रतिदिन प्रातः 09 बजे से टीका लगाना प्रारंभ करें ताकि शत-प्रतिशत लोगों का टीकाकरण किया जा सके। ग्राम पंचायतों में रोजगार सहायकों की ड्यूटी लगाई जाये, साथ ही लोगों को प्रेरित करने के लिए टीकाकरण केन्द्रों में सेल्फी जोन भी बनाया जावे। उन्होंने समीक्षा के दौरान मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान के तहत् किये जा रहे कार्यों की जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री ‘‘हाट-बाजार क्लीनिक योजना’’ अंतर्गत साप्ताहिक हाट-बाजारों में नियमित रूप से शिविर लगाकर उपचार करने के निर्देश भी दिये गये।राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत् फसल विविधीकरण तथा वृक्षारोपण हेतु आॅनलाईन पंजीयन कराने निर्देशित किया। वृक्षारोपण के लिए ईमारती और फलदार पौधे नजदीकी नर्सरी से उपलब्ध कराने के लिए वन मण्डलाधिकारियों को निर्देश दिये गये। े गोधन न्याय योजना अंतर्गत गौठानों में गोबर की खरीदी की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिले के गौठानों में स्व-सहायता समूह द्वारा निर्मित वर्मी कम्पोस्ट को खरीदने के लिए अधिक से अधिक किसानों को प्रेरित किया जावे। कलेक्टर श्री चन्दन कुमार ने स्कूली छात्र-छात्राओं का जाति प्रमाण पत्र बनाने की समीक्षा करते हुए तहसीलदारों को निर्देशित किया कि ग्रामसभा में अनुमोदित जाति प्रमाण-पत्र के प्रस्ताव का शीघ्र निराकरण कर जाति प्रमाण पत्र का वितरण किया जावे। वन अधिकार मान्यता पत्र के पात्र हितग्राहियों को वनाधिकार समिति द्वारा पारित वनाधिकार पट्टा का वितरण कराने के लिए भी निर्देशित किया। ग्रामीण सचिवालय को शीघ्र प्रारंभ करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण सचिवालय में मैदानी कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित किया जावे तथा कृषि, उद्यानिकी, पशु पालन, मत्स्य पालन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं से ग्रामीणों को लाभान्वित किया जावे। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे, डीएफओ कांकेर अरविंद पीएम, अपर कलेक्टर सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, समस्त एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जनपद सीईओ सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

