कवर्धा : मध्यप्रदेश पुलिस और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में कबीरधाम जिले का एक ग्रामीण गोलियों का शिकार हो गया। कबीरधाम पुलिस इस मामले किसी तरह जानकारी नहीं दे रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घटना रविवार शाम की है। मध्यप्रदेश पुलिस को सूचना मिली कि गढ़ी थाना अंतर्गत उमररझोला में माओवादियों को देखा गया है। इस सूचना पर हॉक फोर्स मोर्चा संभालते हुए वहां पहुंची। बताया जाता है कि यहां पर मध्यप्रदेश की हॉक फोर्स और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। कई राउंड फायरिंग भी हुई। चूंकि शाम हो चुकी थी तो सर्चिंग नहीं किया गया।
दूसरे दिन सोमवार की सुबह हॉक फोर्स और गढ़ी थाना की पुलिस टीम सर्चिंग के लिए निकले। इस दौरान एक शव बरामद किया गया। मृतक के शरीर पर यूनिफार्म नहीं था। इसके चलते उन्होंने आशंका जताई कि मृतक माओवादियों का सहयोगी हो सकता है। शव की शिनाख्ती की गई तो इसकी पहचान झामसिंह पिता पंजूसिंह धुर्वे(42) ग्राम खिलाही-बालसमुंद ग्राम पंचायत शीतलपानी थाना झलमला जिला कबीरधाम (छत्तीसगढ़) के रूप में हुआ। शव का पोस्टमार्डट के लिए बालाघाट जिले के अस्पताल पहुंचाया गया। इधर मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दी गई। परिजन शव लेने के लिए अस्पताल पहुंचे।