- प्रभारी सचिव ने दिये निर्देश, पेड़ कटाई की अनुमति प्रक्रिया सरल होने से बहुत से किसान प्लांटेशन के लिए आगे बढ़ेंगे
- उन्होंने कहा कि फसल वैविध्य को बढ़ावा देने का सुनहरा मौका
तापस सन्याल/दुर्ग : किसान प्लांटेशन की ओर बढ़ें, सागौन एवं बांस जैसे पौधे भी अपने खेतों में लगाएं, इसके लिए पेड़ कटाई की अनुमति प्रक्रिया सरलीकृत की जाएगी। प्रभारी सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल परदेसी ने यह निर्देश पाटन ब्लाक में अधिकारियों की बैठक में दिये। उन्होंने कहा कि पेड़ कटाई के लिए अनुमति की अभी की प्रक्रिया थोड़ी जटिल है इससे किसान प्लांटेशन करने से थोड़ा हिचकते हैं। प्रक्रिया सरलीकृत होने से किसान बड़े पैमाने पर राजीव गांधी किसान न्याय योजना का लाभ लेने आगे आएंगे। श्री परदेसी ने कहा कि किसान वैविध्य की दिशा में अब आगे बढ़ना चाह रहे हैं। किसान राजीव गाँधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत तीनों तरह से फसल ले सकते हैं अर्थात धान के बदले दलहन-तिलहन की फसल ले सकते हैं फलदार पेड़ लगा सकते हैं अथवा इमारती लकड़ी के लिए भी प्लांटेशन कर सकते हैं। अपनी फसल के कुछ हिस्सों में इस तरह से अलग-अलग तरह की खेती करने से शासन की योजना का लाभ भी बेहतर मिल सकेगा और इन फसलों में रेट भी अच्छा आएगा। बीमा की सुविधा उपलब्ध होने से किसी तरह का जोखिम नहीं रहेगा। कलेक्टर डाॅ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने बताया कि जिले में तीनों ब्लाकों में सभी स्थानीय अमले को योजना के संबंध में लोगों को जानकारी देने तथा हितग्राहियों का चिन्हांकन करने निर्देशित किया गया है। कृषि विस्तार अधिकारी, पटवारी, रोजगार सहायक, बीट गार्ड आदि का दल ग्रामीणों से मिलकर योजना की जानकारी देकर हितग्राहियों का चिन्हांकन कर रहा है। प्रभारी सचिव ने खाद-बीज की स्थिति की समीक्षा भी की।

