रायपुर वॉच

देश के सबसे संक्रमित 10 राज्यों की सूची से बाहर निकला छत्तीसगढ़, सर्वाधिक मौतों के मामलों में अब भी 10 नंबर पर

Share this

रायपुर : छत्तीसगढ़ में कोरोना की दूसरी लहर कमजोर पड़ती दिख रही है। पिछले 20 दिनों में पॉजिटिविटी दर 28 से 8% तक पहुंच गई है। लेकिन मौतों पर अब भी लगाम नहीं है। हालात ऐसे हैं कि रोज मिलने वाले पॉजिटिव मरीजों के आधार पर तैयार सबसे संक्रमित 10 प्रदेशों की सूची से छत्तीसगढ़ बाहर हो चुका है। लेकिन सर्वाधिक मौतों वाली सूची में यह 10वें स्थान पर बना हुआ है।

छत्तीसगढ़ में बुधवार को कोरोना के 69 हजार 402 टेस्ट हुए। वहीं 5 हजार 680 नए संक्रमित मरीज सामने आए। इस मान से प्रदेश की पॉजिटिविटी दर 8% रही। इन्हीं 24 घंटों में 146 मरीजों की मौत भी हुई है। इनको मिलाकर अब तक संक्रमण की चपेट में आ चुके लोगों की संख्या बढ़कर 9 लाख 31 हजार 211 हो गई है। उनमें से 8 लाख 33 हजार 161 लोग ठीक हो चुके हैं। लेकिन 12 हजार 182 लोग इलाज के दौरान अपनी जान गवां चुके हैं।

प्रदेश भर में 85 हजार 868 लोग विभिन्न अस्पतालों और होम आइसोलेशन में अपना इलाज करवा रहे हैं। एक दिन में सर्वाधिक पॉजिटिव मरीजों की संख्या के आधार पर तमिलनाडु पहले स्थान पर बना हुआ है। उसके बाद कर्नाटक, महाराष्ट्र, केरल, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, असम, बिहार के बाद छत्तीसगढ़ का स्थान है। वहीं 24 घंटे में हुई सर्वाधिक मौत के मामले में महाराष्ट्र पहले स्थान पर बना हुआ है। उसके बाद कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, हरियाणा और छत्तीसगढ़ का नंबर आता है।

रायगढ़-बिलासपुर में सबसे अधिक मौत

कोराेना का हॉटस्पाट शिफ्ट होने के बाद से बिलासपुर संभाग की स्थिति गंभीर बनी हुई है। बुधवार को भी रायगढ़ में 441 नए मरीज मिले वहीं 17 मरीजों की मौत हुई। यह प्रदेश में सर्वाधिक है। बिलासपुर में 204 मरीज मिले और 14 मरीजों की मौत हुई है। जांजगीर-चांपा में 12 और मुंगेली में 11 मरीजों की मौत हुई है।

अब सात जिलों में शून्य मौतें

कुछ जिलों में संक्रमण से हो रही मौतों में उल्लेखनीय गिरावट दिख रही है। बस्तर के पांच और सरगुजा के 2 जिलों में बुधवार को एक भी मौत दर्ज नहीं हुई है। इन जिलों में जशपुर, बलरामपुर, कोण्डागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर और बीजापुर शामिल हैं। बस्तर और कांकेर जिलों में एक-एक मौत हुई है। एक दिन पहले केवल बस्तर के पांच जिलों में शून्य मौत दर्ज हुई थी।

पिछले 15 दिनों में तेजी से सुधरे हैं हालात

पिछले 15 दिनों में प्रदेश में कोरोना से ठीक होने वालों की दर सुधरी है। बुधवार को 10 हजार 48 लोगों ने कोरोना को मात दी। इसकी वजह से एक्टिव मरीजों की संख्या 85 हजार 868 रह गई है। मंगलवार को यह संख्या 90 हजार 382 थी। 16 मई को एक्टिव मरीजों की संख्या 1 लाख 3 हजार 593 थी।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *