खिरेन्द्र ठाकुर/दंतेवाड़ा : कोरोना संक्रमण के चलते लॉकडाउन लगा हुआ है। इस दौरान पुलिस भी ड्यूटी कर रही है, पर दंतेवाड़ा में उनकी
सख्ती ने हद पार कर दी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने स्कूटी सवार दो महिलाओं को रोक लिया। बहस शुरू हुई और थप्पड़ चल गया। महिलाओं का कहना था कि वह मेडिकल ड्यूटी से घर लौट रही थीं। हालांकि बाद में थाने में समझौता हो गया। फिलहाल इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
दरअसल, वीडियो में दो महिलाएं लॉकडाउन में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से विवाद करती दिखाई दे रही हैं। दोनों महिलाएं खुद को मेडिकल स्टाफ बता रही हैं। करीब डेढ़ मिनट के इस वीडियो में महिलाएं कह रही हैं, वे मेडिकल स्टाफ हैं। लैब में काम करती हैं। लॉकडाउन में मेडिकल स्टाफ को अपनी ड्यूटी पर जाने की छूट है, लेकिन फिर भी उन्हें रोका गया। पूछताछ करने की बजाए बिना वजह महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें 4 थप्पड़ मारा है।
वीडियो में थप्पड़ का सीन नहीं, लेकिन नौकरी से निकलवाने की धमकी जरूर
इस वीडियो में थप्पड़ मारने का कोई सीन नहीं है। गुस्से में महिलाएं आरोपी पुलिसकर्मियों को नौकरी से निकलवाने की धमकी देती हुई दिखाई दे रही हैं। वीडियो में दिख रहा है कि महिलाओं ने अपने मोबाइल से जवानों की किसी नेता से बात भी करवाई। इस बातचीत के बाद पुलिसकर्मियों ने दोनों महिलाओं को जाने दिया। हालांकि यह पता नहीं चल सका है कि वह नेता जी कौन थे। जिनसे बात करने के बाद दोनों महिलाओं को जाने दिया गया।
अफसर बोले- शिकायत की थी, लेकिन फिर वापस भी ले ली
यह वीडियो कुछ दिन पहले का है। इस संबंध में महिला ने दंतेवाड़ा सिटी कोतवाली में शिकायत भी दर्ज करवाई थी। हालांकि बाद में उन्होंने खुद शिकायत वापस ले ली। दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है।
– चंद्रकांत गवर्णा, SDOP, दंतेवाड़ा