भरत मिश्रा/चिरमिरी/कोरिया। बीते दिनों मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण के लिए अहम घोषणा की है जिसके तहत विभिन्न श्रेणियों के लोगों को फ्रंट लाईन वर्कर मानते हुए उनके टीकाकरण करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही राज्य के पत्रकार और वकीलों तथा उनके परिजनों को भी फ्रंट लाईन वर्कर के समान ही टीकाकरण करने की मुख्यमंत्री ने घोषणा की है।
गौरतलब है कि इस संबंध में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा पूर्व में ही निर्देश दे दिए गए थे परंतु मामला न्यायलयीन होने के कारण लंबित था। कई अन्य राज्यों में पत्रकारों और वकीलों को फ्रंट लाईन वर्कर मानते हुए उनका टीकाकरण किया जा रहा है परंतु मुख्यमंत्री ने इससे एक कदम और आगे बढ़ते हुए राज्य के पत्रकारों और वकीलों के साथ ही उनके परिजनों को भी फ्रंट लाईन वर्कर के समान टीकाकरण में प्राथमिकता देने की घोषणा की है l
मुख्यमंत्री जी के इस पहल को पत्रकारों उनके परिवारों के लिए जीवन रक्षक पहल बताते हुए छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश सरक्षक ब्रजेश चौबे, प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी, प्रदेश महासचिव विश्व दीपक राई, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य भरत मिश्रा, प्रदेश सचिव विनोद शर्मा, जिलाध्यक्ष कोरिया मृत्युंजय चतुर्वेदी, संभागीय अध्यक्ष श्रीराम बरनवाल, जिला महासचिव जगजीत सिंह, बैकुंठपुर ब्लॉक अध्यक्ष कृष्ण विभूति तिवारी, मनेन्द्रगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष सुधु लाल वर्मा, चिरमिरी ब्लॉक अध्यक्ष वेद प्रकाश तिवारी ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए धन्यवाद दिया है।

