- कोरोना के खिलाफ लड़ाई में जनप्रतिनिधि भी निभाएं सहभागिता
बालकृष्ण मिश्रा/ सुकमा : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कोरोना के खिलाफ इस लड़ाई में शासन, प्रशासन, जनप्रतिनिधिगण और आम जनता को एक साथ लड़ना होगा। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर स्थापित क्वारंटीन केन्द्रों के शत प्रतिशत उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले व्यक्तियों को बिना कोरोना जांच के गांव में प्रवेश न दिया जाए। व्यक्ति की पहले कोरोना जाँच की जाए तथा एहतियात के तौर पर अनिवार्य रुप से क्वारंटींन सेन्टर में रखे जाने के निर्देश दिए। जांच में पाॅजिटिव आने पर उसे आइसोलेशन में रखकर ईलाज की समुचित व्यवस्था करने के लिए समस्त जिला पंचायत सीइओ को निर्देशित किया। मुख्यमंत्री ने क्वारंटींन केन्द्रों में स्वच्छ पेयजल, शौचालय, स्नानागार, सफाई आदि जरूरी व्यवस्था को चाक चैबंद करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने विडीयो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से समस्त जिलों के जिला पंचायत अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत से चर्चा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण की प्रभावी रोकथाम हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कोरोना से लड़ाई में जनप्रतिनिधि भी प्रशासन का हर संभव सहयोग दे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना से सबंधित शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तत्काल उपचार शुरू करें। जिससे संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। इसके लिए समय पर दवाई आदि की वितरण की व्यवस्था समय पर सुनिश्ति करने एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत सचिव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से जागरूकता फैलाने की बात कही।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हरीश कवासी ने सुकमा जिले में जिला एवं पुलिस प्रशासन के द्वारा रोकथाम के लिए समुचित व्यवस्था करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले की सभी सीमाओं की सील कर दिया गया है। जाँच नाकों पर बाहरी राज्यों तथा अन्य स्थानों से आने वाले व्यक्तियों का अनिवार्य रुप से कोरोना जाँच किया जा रहा है। जिले के सभी ग्राम पंचायत में कुल 153 क्वारंटींन केन्द्र स्थापित किए गए है।
सुकमा जिला कलेक्ट्रेट के स्वान कक्ष में आज वीडियो कांफ्रेंसिंग से हुई चर्चा के दौरान कलेक्टर श्री विनीत नंदनवार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हरीश कवासी, अपर कलेक्टर श्री ओ पी कोसरिया, सीईओ जिला पंचायत श्री नूतन कुमार कंवर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ अधिकारी डाॅ सीबीपी बन्सोड़ उपस्थित थे।

