रायपुर: द ग्रेट इंडिया सैनिक स्कूल परिसर में स्पिक मैके (SPIC MACAY) के तत्वावधान में भारतीय शास्त्रीय नृत्य एवं संगीत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को समर्पित एक मनमोहक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य कलाकार एवं प्रसिद्ध मोहिनीअट्टम नृत्यांगना श्रीमती मंजुला मूर्ति ने अपनी भावपूर्ण एवं मनमोहक प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके साथ श्री सदनम साई कुमार ने गायन, कलामंडलम अजीत कुमार ने मद्दलम तथा कलामंडलम सुभीश ने इडक्का वाद्य पर संगत प्रदान की।
कलाकारों की प्रस्तुति ने विद्यार्थियों एवं कैडेट्स को केरल की शास्त्रीय कला, उसकी गरिमा, अनुशासन और आध्यात्मिक भाव से परिचित कराया। इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भारत की विविध एवं समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को प्रत्यक्ष रूप से अनुभव करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के अंत में हेड गर्ल मान्या सिंह ने विद्यालय की ओर से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कलाकारों के सम्मान एवं कृतज्ञता के प्रतीक स्वरूप प्रधानाचार्य एवं उप-प्रधानाचार्य द्वारा उन्हें श्रीमद्भगवद्गीता भेंट की गई।
कार्यक्रम का समापन गरिमापूर्ण वातावरण में हुआ और उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं अतिथियों के मन में भारतीय कला एवं संस्कृति के प्रति सम्मान और गौरव की भावना और अधिक प्रबल हुई।

