CG NEWS: “Sir, please register an FIR against the bull”… People arrive at the police station with a unique plea.
CG NEWS: धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी से अजीबो-गरीब मामला सामने आया है. यहां स्थानीय लोगों ने किसी इंसान नहीं, बल्की बैल को पकड़कर कोतवाली थाना लेकर पहुंच गए. इतना ही नहीं, लोगों ने पुलिस से बैल के खिलाफ FIR दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की मांग भी कर दी. इस घटना से पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए.
दरअसल, धमतरी शहर में आवारा मवेशियों की समस्या से लोग परेशान हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद नगर निगम की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है. इसी बीच सुंदरगंज वार्ड में पिछले कई दिनों से एक बेकाबू बैल ने आतंक मचा रखा था. बताया जा रहा है कि बैल अब तक तीन लोगों को घायल कर चुका है. बेकाबू बैल ने धमतरी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गौतम वाधवानी के घर में भी उत्पात मचाया. इस दौरान उनके पिता घायल हो गए. इसके बाद वार्ड के लोगों का गुस्सा और बढ़ गया.
नगर निगम में शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने पर वार्ड के लोगों ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया. उन्होंने बैल को पकड़कर रस्सी से बांधा और गाड़ी में भरकर सीधे कोतवाली थाना पहुंच गए. यहां लोगों ने पुलिस से बैल के खिलाफ FIR दर्ज करने और उसे गिरफ्तार करने की मांग की.
बैल को लेकर थाने पहुंचे लोगों को देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए. पुलिस ने लोगों को समझाइश दी और बताया कि आवारा मवेशियों के मामले में नगर निगम से शिकायत की जानी चाहिए. पुलिस की समझाइश के बाद लोगों ने बैल को अपने वाहन से कांजी हाउस पहुंचा दिया. फिलहाल, इस पूरे मामले पर नगर निगम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

