BREAKING CHATTISGARH STATE FOUNDATION

Bilaspur Bullion Trader Robbery Case: बिलासपुर लूटकांड में यूपी से चार आरोपी प्रोडक्शन रिमांड पर, छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम रवाना

Share this

Bilaspur Bullion Trader Robbery Case: बिलासपुर। बिलासपुर में सराफा व्यवसायी पर जानलेवा हमला कर लूट के मामले में यूपी पुलिस ने भी एफआईआर कायम की है, जिसकी वजह से उन्हें छत्तीसगढ़ लाने के लिए प्रोडक्शन रिमांड की जरूरत पड़ी। दो दिनों तक बिलासपुर की पुलिस टीम आरोपियों के रिमांड के लिए जूझती रही। शुक्रवार शाम को मिर्जापुर की कोर्ट से चारों आरोपियों का रिमांड मिल गया, जिसके बाद छत्तीसगढ़ पुलिस आरोपियों को लेकर बिलासपुर आने के लिए निकल गई है। आज शनिवार देर शाम या रात तक पुलिस टीम चारों आरोपियों को लेकर बिलासपुर पहुंच जाएगी, जिसके बाद उन्हें यहां भी रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा सकती है। आरोपियों से पूछताछ में कई नए तथ्य मिलने की संभावना है।

राजकिशोर नगर में सराफा कारोबारी से लूट करने वाले चार आरोपी मिर्जापुर के अहरौर में पकड़े गए थे। पुलिस और आरोपियों के बीच हुई मुठभेड़ में विजय लांबा और मोनू उर्फ राहुल के पैर में गोली लगी थी। शॉर्ट एनकाउंटर के कारण मिर्जापुर पुलिस ने लूट का माल रखने, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में अपराध दर्ज किया था।

प्रोडक्शन रिमांड लेने में पुलिस को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सीएसपी निमितेश सिंह अपनी टीम के साथ आरोपियों का पीछा करते यूपी गए हैं। वे लगातार यूपी पुलिस और बिलासपुर पुलिस से संपर्क कर समन्वय बना रहे हैं। वहां से जरूरी कागजात मंगवाने पर बिलासपुर से सभी दस्तावेज और विवेचक मिर्जापुर के लिए रवाना किए गए। इसके बाद शुक्रवार शाम तक सभी प्रक्रियाओं को पूरी करने के बाद अदालत से आरोपियों की रिमांड मिल सकी। टीम शनिवार शाम तक आरोपियों को बिलासपुर ले आएगी।

टीम वर्क से 24 घंटों में ही मिली सफलता

घटना की सूचना मिलते ही कुछ ही देर में आईजी रामगोपाल गर्ग खुद ही मौके पर पहुंच गए। उनके साथ एडिशनल एसपी मधुलिका सिंह,पंकज पटेल, सीएसपी निमितेश सिंह, टीआई प्रदीप आर्या भी मौके पर पहुंचे। आईजी राम गोपाल गर्ग ने रेंज के सभी जिलों में नाकेबंदी के निर्देश रात को ही दे दिए और साथ ही खुद भी ऑपरेशन संचालित करते हुए आरोपियों के भागने वाले संभावित मार्गों की लोकेशन लेने लगे। एसएसपी रजनेश सिंह घटना के समय अवकाश पर थे। पर अवकाश में रहने के बावजूद वे लगातार पर ऑपरेशन की मॉनिटरिंग करते रहें।

read more: – CG News : बिलासपुर एयरपोर्ट पर पहली बार नाइट लैंडिग की सफल टेस्टिंग

आईजी ने इस प्रकरण के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बिलासपुर, मधुलिका सिंह, पंकज पटेल, अपुअ जांजगीर उमेश कश्यप, नपुअ निमेष सिंह, डीएसपी विवेक शर्मा, प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, निरीक्षक प्रदीप आर्य, एससीसीयू के हेमंत आदित्य, निरीक्षक विजय चौधरी, उप निरीक्षक नारायण ठाकुर, बीएम बनाफर, सउनि शैलेन्द्र सिंह, प्रवीण लाल, प्रआर० राजेश्वर, प्रमोद सिंह, शोभित केवट, आर० महेश आनंद, टंकेश साहू, योगेश साहू, मिथलेश सोनी, विवेक चंदेल, सत्य कुमार पाटले, संजीव जागड़े, विवेक राय एवं जिले के अन्य पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों की टीम गठित की।

पूरा माल बरामद

पुलिस टीमों की कड़ीबद्ध वैज्ञानिक विवेचना से देर रात ही व्यापारी की लूटी गई गाड़ी उरतुम गाँव से बरामद हो गई और आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्व क्लू मिल गए। घटना के 24 घंटे में ही आरोपी ट्रेस हो गए और यूपी पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिए गये तथा लूट का सारा माल रिकवर कर लिया गया।

पूछताछ में खुलेंगे कई राज

रायगढ़ के ढीमरापुर स्थित एक्सिस बैंक में 19 सितंबर 2023 को बिहार के गया के शेरघाटी गैंग ने डकैती डाली थी। मैनेजर और अन्य कर्मचारियों से मारपीट करते हुए 5 करोड़ 62 लाख रुपये कैश और ज्वैलरी ले कर फरार हो गए थे। तब रामगोपाल गर्ग तत्कालीन रायगढ़ रेंज डीआईजी थे। उन्होंने पूरे ऑपरेशन की कमान संभाली थीं और तत्काल मौके पर पहुंचे थे। उन्हें तब के बिलासपुर रेंज आईजी अजय यादव का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन और रायगढ़ एसएसपी सदानंद कुमार का पूरा सहयोग मिला था। तीनों आईपीएस की तिकड़ी ने 24 घंटे में ही मामले का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा लूट की पूरी 5 करोड़ 62 लाख रुपये रकम और कैश बरामदगी कर ली थी। अब यह दूसरा मौका है कि आईजी रामगोपाल गर्ग के नेतृत्व में उसी पुलिस रेंज के एक जिले में 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी और शत प्रतिशत बरामदगी की गई है। अभी तक आरोपियों से पूछताछ नहीं हुई है। बिलासपुर और आसपास की लूट और डकैती की अनसुलझी वारदातों के जवाब मिल सकते हैं। इसके अलावा गिरोह की रणनीति, छत्तीसगढ़ के पुराने मामलों और अन्य राज्यों से जुड़े तथ्य भी उजागर हो सकते हैं।

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *