BREAKING CHATTISGARH STATE FOUNDATION

बस्तर में उद्यमिता को मिली नई रफ्तार— जगदलपुर में “बिजनेसगढ़ फाउंडर्स मीटअप” आयोजित

Share this

जगदलपुर (बस्तर): बस्तर क्षेत्र में स्टार्टअप और नवाचार को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से बिजनेसगढ़ (BusinessGarh) द्वारा जगदलपुर में “बिजनेसगढ़ फाउंडर्स मीटअप” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय स्टार्टअप फाउंडर्स, छात्र-छात्राओं, युवाओं तथा उद्यमिता में रुचि रखने वाले प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस मीटअप का उद्देश्य बस्तर में स्टार्टअप संस्कृति को मजबूत करना, युवाओं को स्वरोज़गार के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें सही मार्गदर्शन और नेटवर्क उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम के दौरान मेंटर्स और उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि छोटे शहरों से भी सीमित संसाधनों में सफल स्टार्टअप खड़े किए जा सकते हैं।

कार्यक्रम में स्टार्टअप शुरू करने की प्रक्रिया, आइडिया वैलिडेशन, मार्केट रिसर्च, फंडिंग, डिजिटल मार्केटिंग और नेटवर्किंग जैसे विषयों पर चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने अपने स्टार्टअप आइडिया प्रस्तुत किए और मेंटर्स से उपयोगी सुझाव प्राप्त किए। प्रश्न-उत्तर सत्र में युवाओं को व्यावहारिक जानकारी मिली।

बिजनेसगढ़ के संस्थापक डॉ. दोमेंद्र सिंह गंजिर ने कहा—

“बस्तर में प्रतिभा और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल सही दिशा और सहयोग की है। हमारा प्रयास है कि यहां के युवा नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें।”

उन्होंने बताया कि बिजनेसगढ़ भविष्य में भी बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में मीटअप, मेंटरशिप प्रोग्राम, वर्कशॉप और स्टार्टअप सहायता गतिविधियां आयोजित करता रहेगा, जिससे नए उद्यमियों को अवसर मिल सके और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हों।

कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से उन्हें सीखने, नेटवर्किंग और अपने स्टार्टअप को आगे बढ़ाने का अवसर मिला।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *