CG BREAKING: बलरामपुर। जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के हंसपुर गांव में अवैध बक्साइट खनन की जांच के दौरान बड़ी घटना सामने आई है। कुसमी एसडीएम करूण डहरिया और नायब तहसीलदार पारस शर्मा के साथ पहुंचे राजस्व दल पर तीन ग्रामीणों की पिटाई का आरोप लगा है। मारपीट में घायल एक ग्रामीण की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर शाम राजस्व टीम हंसपुर गांव में अवैध बक्साइट उत्खनन की जांच करने पहुंची थी। आरोप है कि रात में सरना के पास टीम को मिले तीन ग्रामीणों को रोककर पूछताछ की गई और इसके बाद डंडों व लात-घूंसों से उनकी पिटाई की गई। ग्रामीणों को वाहन में बैठाकर कुसमी लाया जा रहा था, तभी रास्ते में एक ग्रामीण बेहोश हो गया।
कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान 60 वर्षीय राम नरेश राम की मौत हो गई। वहीं अजीत उरांव (60 वर्ष) और आकाश अगरिया (20 वर्ष) घायल हैं। घायलों का कहना है कि वे खेत में गेहूं की सिंचाई कर लौट रहे थे, तभी उन्हें रोका गया और बेदम पीटा गया।
घटना के बाद अस्पताल और थाने में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बलरामपुर एडिशनल एसपी विश्व दीपक त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि एसडीएम और नायब तहसीलदार समेत मारपीट में शामिल बताए जा रहे कुछ युवकों को राजपुर थाने में बैठाया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, हंसपुर में बक्साइट का अवैध उत्खनन चल रहा था। एक बक्साइट लोड ट्रक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया था। कथित ब्लैकमेलिंग की सूचना पर प्रशासनिक टीम वहां पहुंची थी। बताया जा रहा है कि टीम बिना सुरक्षाकर्मियों के स्थानीय युवकों के साथ मौके पर गई थी। मारपीट में कुछ स्थानीय युवकों के नाम भी सामने आ रहे हैं।
अंबिकापुर से फॉरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच जारी होने की बात कही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी।

