रायपुर: मैट्स स्कूल ऑफ़ फार्मेसी ने 7 फ़रवरी 2026 को विश्वविद्यालय परिसर में एक चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया। इस शिविर का उद्देश्य संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों के बीच स्वास्थ्य से संबंधित देखभाल एवं रोकथाम, समग्र कल्याण को बढ़ावा देना था।
स्वास्थ्य शिविर का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. पविंदर हंसपाल द्वारा किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के संकाय सदस्यों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान रक्तचाप (बीपी), मधुमेह, ऊँचाई, वजन तथा ऑक्सीजन लेवल जैसे आवश्यक स्वास्थ्य मानकों की जाँच की गई। प्रतिभागियों के समग्र स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर के आकलन हेतु बॉडी मास इंडेक्स (ठडप्) की गणना भी की गई।
उद्घाटन के पश्चात स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियाँ सुचारु रूप से संपन्न हुईं, जिनमें फार्मेसी विभाग के संकाय सदस्यों द्वारा स्वास्थ्य परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रतिभागियों को संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली, नियमित शारीरिक गतिविधि, तनाव प्रबंधन तथा मधुमेह, उच्च रक्तचाप और मोटापे जैसी जीवनशैली संबंधी बीमारियों की रोकथाम के बारे में जानकारी दी गई।
यह स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और इसने मैट्स विश्वविद्यालय की एक स्वस्थ, जागरूक एवं सामाजिक रूप से उत्तरदायी शैक्षणिक वातावरण के प्रति प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ किया।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति गजराज पगारिया, महानिदेशक श्री प्रियेश पगरिया, कुलसचिव श्री गोकुलानंद पंडा, माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) के. पी. यादव सभी ने फॉर्मेसी विभाग के प्राचार्य डॉ. अमित नायक , परविंदर हंसपाल एवं पूरे विभाग को इस सफल आयोजन के लिए विशेष शुभकामनाएं दी।

