ELECTION UPDATE:रायपुर में पूर्व महापौर एजाज ढेबर हारे, पत्नी अर्जुमन ढेबर जीती, भाजपा की ऐतिहासिक बढ़त
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 4 नगर निगमों में जीत दर्ज कर ली है, जबकि 6 अन्य पर बढ़त बनाई हुई है। कई नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में भी भगवा लहराया है। भाजपा की इस प्रचंड जीत से मुख्यमंत्री विश्नुदेव साय और पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।
रायपुर में बड़ा उलटफेर, पूर्व महापौर एजाज ढेबर की हार –
रायपुर नगर निगम में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। वर्तमान महापौर एजाज ढेबर पार्षद पद का चुनाव 1,500 वोट से हार गए हैं। भाजपा समर्थकों और अमर गिदवानी ने इस जीत का जश्न मनाते हुए थिरकते नजर आए।
हालांकि, एजाज ढेबर की पत्नी अर्जुमन ढेबर ने मौलाना अब्दुल रऊफ वार्ड से 2,562 वोट से जीत दर्ज की, जिससे कांग्रेस को आंशिक राहत मिली है।
भाजपा की ऐतिहासिक बढ़त और मुख्यमंत्री साय की प्रतिक्रिया –
प्रदेश में भाजपा की बंपर जीत पर मुख्यमंत्री विश्नुदेव साय गदगद नजर आए। उन्होंने एक्स (Twitter) पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि “प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक जीत की ओर अग्रसर है। यह जीत डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों और भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। हम जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी मेहनत करेंगे।”
भाजपा की जीत के 5 प्रमुख कारण –
विश्नुदेव साय के नेतृत्व पर जनता का भरोसा – भाजपा की जीत में मुख्यमंत्री साय की भूमिका अहम रही।
सुशासन और ठोस निर्णयों से जनविश्वास मजबूत हुआ – सरकार की नीतियों ने लोगों का विश्वास जीता।
सरकार और संगठन के बेहतर तालमेल से चुनावी बढ़त – भाजपा की रणनीति और संगठनात्मक मजबूती ने जीत सुनिश्चित की।
स्थानीय निकायों में भाजपा के मजबूत प्रत्याशी – भाजपा ने स्थानीय स्तर पर प्रभावी उम्मीदवार उतारे।
कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी – कांग्रेस के अंदर आपसी मतभेदों ने भाजपा को मजबूत बढ़त दिलाने में मदद की।
भाजपा का बढ़ता जनाधार –
प्रदेश में नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों में भाजपा की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि जनता ने विश्नुदेव साय के नेतृत्व और भाजपा सरकार की नीतियों पर मुहर लगा दी है। दूसरी ओर, कांग्रेस को कई जगहों पर हार का सामना करना पड़ा, जबकि निर्दलीयों और आम आदमी पार्टी ने भी कुछ क्षेत्रों में अच्छा प्रदर्शन किया।
भाजपा की यह ऐतिहासिक जीत आने वाले चुनावों में भी पार्टी की स्थिति को मजबूत कर सकती है।