बालकृष्ण मिश्रा/ सुकमा। जिला भाजपा संगठन प्रभारी जगदीश रामु रोहरा ने आज यहां एक प्रेस वार्ता आयोजित कर राज्य सरकार की वादा खिलाफी एवं धान खरीदी की अव्यवस्था को लेकर जमकर आलोचना की। श्री रोहरा ने कांग्रेस की भूपेश सरकार को पूरी तरह विफल बताया। इस दरम्यान उन्होनें कहा कि दो साल में विफलता के सारे कीर्तिमान हासिल कर चुकी छत्तीसगढ़ में बैठी कांग्रेस की सरकार किसान विरोधी हैं और प्रदेश के किसानों के साथ लगातार अन्याय कर रही हैं। हालात इतने खराब हैं कि मुख्यमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष के क्षेत्र में भी किसान आत्महत्या कर रहे हैं। कांग्रेस ने वादाखिलाफी और विश्वासघात का रोज नया रिकॉर्ड बना रहे है। कांग्रेस को यह ध्यान रखना होगा कि जो किसान बोना जानता है वह काटना भी जानता है।
पिछले वर्ष के धान की कीमत का पूरा भुगतान अभी तक नहीं किया गया है। वर्तमान में भी 20-20 दिन बीत जाने पर भी किसानों के खातों में एक पैसा नहीं पहुंचा। रमन सिंह सरकार में 3 से 4 दिन में और कभी तो 24 घण्टे के अंदर किसान के घर पहुंचने से पहले किसान के खाते में राशि पहुंच जाती थी। दो वर्ष के बोनस आदि की तो अब ये बात भी करना नहीं चाहते हैं। मंडी टैक्स खत्म करने का वादा किया था, अब उलटे वह टैक्स भी बढ़ा दिया।
श्री रोहरा ने आगे कहा कि सबसे बड़ा घोटाला यह सरकार बारदाना के नाम पर कर रही है। उसके बहाना धान खरीदी से बचना चाहती है। विधानसभा में जवाब देते हुए सरकार ने कहा था कि प्रदेश में इस सीजन में कुल 4 लाख 45 हजार गठान ;प्रति गठान 500 बारदाना की जरुरत होती है जिसमें 3 लाख 30 हजार बारदाना उपलब्ध है और 1 लाख 15 हजार बारदाने गठान की जरूरत होगी। समय रहते उससे संबंधित कुछ भी नहीं किया सरकार ने। आज हालात यह है कि किसान खुद 30 से 40 रूपये में बारदाना खरीदने को मजबूर हैं। किसानों का धान खरीदने से बचने के लिए तरह.तरह के हथकंडे अपना रही है। खुद प्लास्टिक का बोरा इस्तेमाल करती है और किसानों से जूट का बोरा लाने को कह रही है एवं किसानों को 30 रूपये में जूट बोरा खरीदना पड़ रहा है। सरकार द्वारा 15 रूपये भुगतान किया जा रहा है। कांग्रेस ने जब अपने चुनावी घोषणा पत्र में लोकलुभावन वादे किए थे तब छत्तीसगढ़ प्रदेश की जिम्मेदार मीडिया ने उनसे सवाल किया था कि कैसे करेंगे वादे पूरे तब कांग्रेस का जवाब था हम नए संसाधन और अवसर लाएंगे उससे व्यवस्था कर वादे पूरे करेंगे। आज मानो प्रदेश सरकार केंद्र सरकार के ही भरोसे अपने लोकलुभावन वादे पूरे करना चाहती हैं। श्री रोहरा ने आरोप लगाया कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना के नाम पर छत्तीसगढ़ के किसानों के साथ अन्याय किया गया है। सरकार ने किसानों के खेतों में रकबा कटौती करके उन्हें आत्महत्या जैसे आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर कर रही है। इन्हीं कारणों से आगामी 13 जनवरी को मंडल स्तर पर कोंटा मुख्यालय में धरना प्रदर्शन एवं 22 जनवरी को जिला मुख्यालय सुकमा में धरना प्रदर्शन करने की बात भी उन्होंने कहा। इस दरम्यान भाजपा जिला अध्यक्ष हुंगाराम मरकाम, प्रसाद शर्मा, सोयम मुका, अरूण सिंह भदौरिया, महेन्द्र सिंह भदौरिया, दिलीप पेद्दी एवं अन्य कई भाजपाई मौजूद थे।
छत्तीसगढ़ में बैठी कांग्रेस की सरकार किसान विरोधी : जगदीश रामु
