रायपुर : अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, रायपुर के एनाटॉमी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मनीषा सिन्हा को रायपुर में बालिकाओं को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने के लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के नेशनल प्रेजीडेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। ऑन लाइन कार्यक्रम में आईएमए अध्यक्ष राजन शर्मा और राष्ट्रीय महासचिव डॉ. आर.वी. अशोकन ने उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया। डॉ. सिन्हा रायपुर में बालिकाओं के मध्य उनकी किशोरावस्था में होने वाले बदलावों, समस्याओं और इनके समाधान के बारे में सामाजिक स्तर पर निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं। उनके कार्यक्रमों में अब तक दो हजार से अधिक बालिकाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। डॉ. सिन्हा का कहना है कि किशोरावस्था में यदि बालिकाओं को जागरूक बना दिया जाए तो इससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और जीवनपर्यंत उन्हें स्वयं और अपने परिवार को स्वस्थ्य रखने में मदद मिलती है। कई बार किशोरियां अपनी समस्याओं को परिजनों के साथ साझा नहीं कर पाती हैं जिसका उनके स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ता है। इन कार्यक्रमों की मदद से उनकी झिझक को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। निदेशक प्रो. (डॉ.) नितिन एम. नागरकर ने डॉ. सिन्हा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आईएमए अवॉर्ड से विभागीय चिकित्सकों को इस प्रकार के जागरूकता अभियान चलाने में और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।
एम्स के एनोटॉमी विभाग की डॉ. मनीषा सिन्हा को आईएमए का नेशनल प्रेजीडेंट अवॉर्ड

