राजनांदगांव

ट्रेनों का परिचालन बंद करना एक साजिश, मोदी सरकार में रेलवे की दुर्गति से जनता प्रताडि़त हो रही है – जितेंद्र मुदलियार

Share this

ट्रेनों का परिचालन बंद करना एक साजिश, मोदी सरकार में रेलवे की दुर्गति से जनता प्रताडि़त हो रही है – जितेंद्र मुदलियार

 रेल रोको आंदोलन को लेकर अंबागढ़ चौकी में युवा आयोग अध्‍यक्ष ने ली पत्रकारवार्ता

राजनांदगांव। प्रशांत शर्मा- प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने छत्‍तीसगढ़ में ट्रेनों के परिचालन बंद किए जाने को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का आह्वान किया है। इसके लिए जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के प्रभारी नियुक्‍त किए गए छत्‍तीसगढ़ युवा आयोग के अध्‍यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने अंबागढ़ चौकी मुख्‍यालय में प्रेस वार्ता कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्‍व वाली केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए इसे ट्रेनों का परिचालन बंद किए जाने को एक साजिश करार दिया।

प्रेसवार्ता में विरोध प्रदर्शन की जानकारी साझा करते हुए युवा आयोग अध्‍यक्ष मुदलियार ने कहा कि – आम जनमानस के लिए आवागमन का सबसे सुगम और विश्‍वसनीय साधन रेलवे भी मोदी सरकार के षड़यंत्र की भेंट चढ़ रहा है। धीरे-धीरे ट्रेनों का परिचालन बंद किया जा रहा है। कोविड के बाद से पटरी से उतरी रेलवे व्‍यवस्‍था दुरुस्‍त नहीं हो सकी है। अलबत्‍ता बढ़े हुए किराए और कम ट्रेनों के परिचालन के साथ लोगों के लिए दिक्‍कतें और बढ़ गई हैं। पहले से सीटों का आरक्षण करवाने वाले परिवार भी त्‍यौहारों में और आपातकालीन परिस्थितियों में फंसा व्‍यक्ति भी रेलवे की इस दुर्गति से प्रताडि़त हो रहा है।

उन्‍होंने कहा कि यात्री ट्रेनों को जानबूझकर रद्द किया जा रहा है। कभी कोयले की आपूर्ति के नाम पर तो कभी कोई और कारण बताकर भारतीय रेल को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। कारण है कि जनता रेल्वे से परेशान हो जाए और मोदी अपने उद्योगपति मित्रों के हवाले रेल को सौंप दे। इसके विरोध में कांग्रेस आवाज बुलंद कर रही है। उन्‍होंने बताया कि 13 सितंबर को कांग्रेस रेल रोको आंदोलन करेगी। इससे पहले 10, 11 एवं 12 सितंबर को पांपलेट-पोस्‍टर चस्‍पा किया जाएगा।

उन्‍होंने आंकड़ों को सामने रखते हुए बताया कि वर्ष 2020 में 32 हजार 757, 2021 में 32 हजार 151 तथा 2022 में 2 हजार 474 एवं 2023 में अप्रैल महीने तक 208 ट्रेनें रद्द की गई। यही नहीं भाजपा राज में रेल्वे में मिलने वाली बुजुर्ग यात्रियों की सुविधाएं छीन ली गई। छात्रों को मिलने वाली रियायत भी बंद कर दी गई। किराये में बेतहाशा वृद्धि कर दी गई है। पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राएं और दिहाड़ी मजदूर रेल्वे की उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं।

मुदलियार ने कहा कि यह तमाम उठापटक मोदी सरकार द्वारा रेल्वे को बदनाम करने की नियत से की जा रही है। पत्रकारवार्ता में मोहला-मानपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी, रामकिशन खंडेलवाल, तौसिद रब्बानी, अजय राजपूत, सौरभ मिलिंद, वैभव राजपूत, हिमांशु मेश्राम, राजनांदगांव शहर युवा कांग्रेस अध्‍यक्ष एनी माखिजा, पवन राजपूत, संदीप रंगारी, संदीप दुबे, शदानंद शेंडे, मोनू साहू, भूपेंद्र रंगारी, योगेंद्र रामटेके समेत अन्य लोग शामिल थे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *