CG NAXAL BREAKING: कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने एसीएम रैंक की महिला नक्सली रंगाबोइना भाग्या उर्फ रूपी को मार गिराया है। रूपी बस्तर क्षेत्र में बड़े कैडर की आखिरी सक्रिय महिला माओवादी मानी जा रही थी और उस पर 4 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबल माचपल्ली जंगल क्षेत्र में सर्चिंग ऑपरेशन पर निकले थे, तभी नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने रूपी को ढेर कर दिया। मुठभेड़ के बाद सर्चिंग के दौरान उसके शव के साथ पिस्टल, गोला-बारूद और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई है। इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है।
बताया जा रहा है कि रूपी डीकेएसजेडसी सदस्य विजय रेड्डी की पत्नी थी, जो साल 2025 में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में हुई मुठभेड़ में मारा गया था। रूपी पिछले करीब 24 वर्षों से माओवादी संगठन से जुड़ी हुई थी और माड़ डिवीजन में सक्रिय अंतिम तेलुगू महिला कैडर मानी जा रही थी।
कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि माचपल्ली–आरामझोरा–हिडूर क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया था, जिसके दौरान यह मुठभेड़ हुई।
वहीं, बस्तर रेंज आईजी सुंदरराज पट्टलिंगम ने कहा कि लगातार अपील के बाद बड़ी संख्या में नक्सली मुख्यधारा में लौट रहे हैं, लेकिन कुछ कैडर अब भी हिंसा का रास्ता अपना रहे हैं। उन्होंने शेष बचे नक्सलियों से आत्मसमर्पण कर शांतिपूर्ण जीवन अपनाने की अपील की है।

