मथुरा। वृंदावन में आज शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हुआ है। श्रद्धालुओं से भरी बोट अचानक यमुना नदी में पलट गई। पंजाब के श्रद्धालुओं का जत्था यमुना में घूमने के लिए मोटर बोट पर सवार हुआ था. अचानक ही बोट असंतुलित होकर पलट गई। अब तक 10 श्रद्धालुओं के शव निकाले जा चुके हैं। हादसे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया है।
जानकारी के अनुसार मांट थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर 3.15 बजे मोटर बोट पलट गई। इसमें पंजाब के मोंगा, मुक्तेश्वर और लुधियाना से आए कुल 32 लोग सवार थे। इनके जत्थे में करीब 150 लोग दो बसों से शुक्रवार सुबह नौ बजे वृंदावन पहुंचे थे। सुबह निधिवन के दर्शन करने के बाद सभी लोग यमुना में पर्यटन के लिए निकले थे।। वृंदावन के केशीघाट पर सभी मोटर बोट पर सवार हुए। मांट थाना क्षेत्र में बने पैंटून पुल से मोटर बोट टकरा कर पलट गई। सभी 32 लोग डूब गए। इनमें से 10 के शव निकाले जा चुके हैं। वहीं 12 लोग सुरक्षित निकाल लिए गए हैं। गोताखोर लगातार डूबे लोगों को यमुना में खोज रहे हैं। घाट पर अफरा तफरी मची हुई है। मृतकों के रिश्तेदारों का चीत्कार घाट पर गूंज रहा है।

10 श्रद्धालुओें के शव निकाले
कई एंबुलेंस घटनास्थल पर हैं। गोताखोर शेष डूबे हुए लोगों को बाहर निकालने में जुटे हैं।घटनास्थल पर जागरण टीम में विनीत मिश्र व विपिन पाराशर मौजूद हैं। शाम साढ़े पांच बजे तक 10 श्रद्धालुओें के शव निकाले जा चुके थे। जबकि जीवित बचाए गए लोगों को लगातार एंबुलेंस से अस्पताल भेजा जा रहा है। घटनास्थल पर बचाव कार्य में तेजी लाने को सेना की टीम भी बुला ली गई है।
मृतकों का विवरण
- पिंकी w/o चन्दर सिंह जागरऊ लुधियाना
- आशा रानी पत्नी अर्जुन मीणा हिसार
- कविता पत्नी विकास कुमार जागरऊ लुधियाना
- मीनू फेस 2 डुंगरी लुधियाना
- अंजू पत्नी रिंकेश गुलाटी
- रिंकेश गुलाटी डुंगरी लुधियाना
- चरणजीत लुधियाना
- मधुर बहल पुत्र विजय गीता कॉलोनी लुधियाना
- ईशान कटेरिया जागरऊ लुधियाना
सपना।

